—- सिंगल यूज प्लास्टिक छोड़ने और कचरा पृथक्करण का किया आह्वान
आगरा। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के अंतर्गत कांवड़ यात्रा के दौरान नगर निगम और म्यूज फाउंडेशन की ओर से सोमवार को बल्केश्वर मंदिर एवं पार्वती घाट पर “शून्य अपशिष्ट पंडाल – स्वच्छ उत्सव की पहचान” अभियान चलाया गया। अभियान के माध्यम से श्रद्धालुओं, पंडाल संचालकों और स्थानीय लोगों को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और कचरा प्रबंधन के प्रति जागरूक किया गया।
हरीपर्वत जोन के वार्ड संख्या 56 एवं 91 में आयोजित इस अभियान का नेतृत्व एसएफआई रचना गुप्ता ने किया। उनके साथ म्यूज फाउंडेशन की टीम के सदस्य विजय, हरिओम, रोशनी, प्रिया सोनी, सिद्धार्थ और ऋषि मौजूद रहे। टीम ने कांवड़ यात्रा के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं से अपील की कि वे सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग न करें और धार्मिक आयोजनों को पर्यावरण के अनुकूल बनाने में अपनी भागीदारी निभाएं।
अभियान के दौरान लोगों को गीले और सूखे कचरे के पृथक्करण, पुनः उपयोग योग्य सामग्री अपनाने, रिफिल जल व्यवस्था को बढ़ावा देने तथा कपड़े और कागज के थैलों के उपयोग के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही पंडाल परिसर और आसपास नियमित साफ-सफाई बनाए रखने का संदेश भी दिया गया, ताकि धार्मिक आयोजनों के बाद भी क्षेत्र स्वच्छ और सुंदर बना रहे।
जागरूकता अभियान में बताया गया कि छोटे-छोटे प्रयासों से कांवड़ यात्रा जैसे बड़े धार्मिक आयोजनों को भी पूरी तरह स्वच्छ और पर्यावरण हितैषी बनाया जा सकता है। नागरिकों से अपील की गई कि वे प्लास्टिक मुक्त आयोजन, कचरे का वैज्ञानिक निस्तारण और स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाकर शहर को स्वच्छ बनाने में सहयोग करें।
नगर निगम के इस अभियान का उद्देश्य कांवड़ यात्रा के दौरान स्वच्छता को जनआंदोलन का स्वरूप देना और “स्वच्छ पंडाल, सुंदर पंडाल” की अवधारणा को जनसहभागिता के माध्यम से सफल बनाना है। अभियान में श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा स्वच्छ और हरित आयोजन का संकल्प लिया।


