
–—- अधिकारियों और कर्मचारियों ने लिया नियमित योग करने का संकल्प, योग से निरोग रहने का दिया संदेश
आगरा। अंतरराष्ट्रीय योग सप्ताह के अंतर्गत शुक्रवार को नगर निगम परिसर में सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर निगम के अधिकारियों, कर्मचारियों तथा आईईसी टीम के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योग के महत्व को आत्मसात किया और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
योगाभ्यास कार्यक्रम का शुभारंभ प्रशिक्षकों के निर्देशन में विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम के अभ्यास के साथ हुआ। कार्यक्रम में उपस्थित प्रतिभागियों को योग के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। वक्ताओं ने कहा कि नियमित योगाभ्यास न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है बल्कि मानसिक तनाव को दूर कर व्यक्ति को ऊर्जावान और सकारात्मक बनाता है।
कार्यक्रम में उपनगर आयुक्त डॉ. सरिता सिंह तथा कर अधीक्षक अक्षय कुमार ने विशेष रूप से सहभागिता करते हुए योग को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जीवनशैली में योग स्वास्थ्य संरक्षण का सबसे सरल और प्रभावी माध्यम है। योग व्यक्ति को अनुशासित जीवन जीने की प्रेरणा देता है तथा अनेक बीमारियों से बचाने में सहायक सिद्ध होता है।
इस अवसर पर जोनल इंस्पेक्टर गुलफाम अंसारी एवं आईईसी टीम के सदस्यों ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई। सभी प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से यह संकल्प लिया कि वे नियमित रूप से योग करेंगे और अपने परिवार तथा समाज के अन्य लोगों को भी योग के प्रति जागरूक करेंगे।
कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन के बीच योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा स्वस्थ, संतुलित एवं सकारात्मक जीवनशैली को बढ़ावा देना था। योग सप्ताह के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम ने उपस्थित सभी लोगों को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने और योग को जीवन का अभिन्न अंग बनाने की प्रेरणा दी।


