नगर निगम पहुंचा लोगों के द्वार

Press Release उत्तर प्रदेश

—- शहर के विभिन्न वार्डों में आयोजित मोहल्ला समाधान दिवस में शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश
82 फरियादियों ने कराई शिकायत दर्ज, निर्माण और स्वास्थ्य सफाई की सर्वाधिक समस्याएं

आगरा। नगर निगम प्रशासन द्वारा आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान और नागरिक सुविधाओं को उनके घर-घर तक पहुंचाने के उद्देश्य से शुक्रवार को विभिन्न जोनों के चयनित वार्डों में मोहल्ला समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक पहुंचे और जलभराव, सफाई, सीवर, स्ट्रीट लाइट, सड़क मरम्मत, अतिक्रमण तथा अन्य जनसमस्याओं से संबंधित शिकायतें अधिकारियों के समक्ष रखीं। कुल 82 लोगों ने अपनी समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराया।
इस दौरान नगर निगम के अधिकारियों ने लोगों की शिकायतों को गंभीरता से सुना तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्धारित समय सीमा में समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए। कार्यक्रम की मॉनिटरिंग अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार, उप नगर आयुक्त डॉ. सरिता सिंह, सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम, श्रद्धा पांडेय सहित अन्य अधिकारियों द्वारा की गई। अधिकारियों ने विभिन्न स्थलों का निरीक्षण कर शिकायतों के निस्तारण की प्रगति का भी जायजा लिया।
नगर निगम द्वारा प्रत्येक शुक्रवार को शहर के सभी जोनों के दो-दो वार्डों में मोहल्ला समाधान दिवस आयोजित किया जा रहा है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए नगर निगम मुख्यालय के चक्कर लगाने से बचाना तथा उनके क्षेत्र में ही समस्याओं का निराकरण सुनिश्चित करना है। अधिकारियों ने बताया कि शिविरों में प्राप्त शिकायतों का रिकॉर्ड तैयार कर संबंधित विभागों को भेजा जा रहा है, ताकि उनका शीघ्र निस्तारण कराया जा सके।
—– इन वार्डों में आयोजित हुआ मोहल्ला समाधान दिवस

ताजगंज जोन—- ::वार्ड 29 – धांधूपुरा, कमलबाग कॉलोनी रोड पर, वार्ड 64 – चावली, श्रीराम मंदिर के पास
छत्ता जोन—:: वार्ड 50 – सीता नगर, नुनहाई वेंडिंग जोन, एसबीआई बैंक के पास, वार्ड 53 – ट्रांस यमुना, सिंधी धर्मशाला
लोहामंडी जोन—:: वार्ड 90 – राम मोहन नगर, पश्चिमपुरी पुलिस स्टेशन के पास स्थित पार्क, वार्ड 6 – घास की मंडी, विष्णु कॉलोनी स्थित विष्णुधाम पार्क

हरीपर्वत जोन–:: वार्ड 38 – गैलाना, सिंडिकेट बैंक के पास, वार्ड 48 – घटिया, शेल्टर होम के पास

कार्यक्रम के दौरान कई शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि जटिल मामलों को संबंधित विभागों को सौंपकर शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए। स्थानीय लोगों ने नगर निगम की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे उनकी समस्याओं को सीधे अधिकारियों तक पहुंचाने और त्वरित समाधान मिलने में सुविधा हो रही है।

::: नगर आयुक्त का वर्जन

नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने कहा कि “मोहल्ला समाधान दिवस का उद्देश्य नगर निगम सेवाओं को जनता के द्वार तक पहुंचाना है। प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण हमारी प्राथमिकता है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि प्राप्त शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करें और नागरिकों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।”

— महापौर का वर्जन

महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह ने कहा कि “नगर निगम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। मोहल्ला समाधान दिवस के माध्यम से लोगों को अपने क्षेत्र में ही अधिकारियों से संवाद का अवसर मिल रहा है। इस अभियान से जनसुनवाई व्यवस्था और अधिक प्रभावी हुई है तथा नागरिकों की समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित हो रहा है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *