—- अतिक्रमण, पॉलीथिन और गंदगी पर भी एक्शन, नगर निगम की कार्रवाई से कारोबारियों में मचा हड़कंप
आगरा। शहर की सफाई व्यवस्था को प्रभावित करने वाले होटल, रेस्टोरेंट, हलवाई और मिष्ठान विक्रेताओं के खिलाफ नगर निगम प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य के निर्देश पर शुक्रवार को प्रवर्तन दल ने विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक अभियान चलाकर सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने, अतिक्रमण करने तथा प्रतिबंधित पॉलीथिन के उपयोग के मामलों में कार्रवाई की। इस दौरान कई प्रतिष्ठानों पर जुर्माना लगाया गया तथा सड़क किनारे रखे गए काउंटर और ठेल-धकेल भी जब्त किए गए।
नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि शहर की सफाई व्यवस्था को प्रभावित करने वाले प्रतिष्ठानों पर लगातार निगरानी रखी जाए और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। इसी क्रम में क्षेत्रीय स्वच्छता एवं खाद्य निरीक्षक (एसएफआई) प्रदीप गौतम ने प्रवर्तन दल के साथ करकुंज रोड क्षेत्र में छापामार अभियान चलाया।
अभियान के दौरान बृजभोग स्वीट्स के बाहर सार्वजनिक स्थान पर कूड़ा एवं खाद्य अपशिष्ट फेंककर गंदगी फैलाते पाए जाने पर प्रतिष्ठान संचालक के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पांच हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। अधिकारियों ने संचालक को चेतावनी दी कि भविष्य में यदि दोबारा सार्वजनिक स्थल पर गंदगी फैलाते हुए पाया गया तो और अधिक कठोर कार्रवाई की जाएगी।
इसके बाद टीम ने भावना प्लाजा से कारगिल पेट्रोल पंप तक सड़क के दोनों ओर निरीक्षण किया। इस दौरान कई दुकानदारों द्वारा दुकानों के बाहर सामान रखकर अतिक्रमण किए जाने की शिकायत सही पाई गई। नगर निगम ने अतिक्रमण हटवाने के साथ संबंधित दुकानदारों से लगभग बीस हजार रुपये का जुर्माना वसूला। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि फुटपाथ और सड़क सार्वजनिक उपयोग के लिए हैं तथा इन्हें किसी भी स्थिति में व्यापारिक गतिविधियों के लिए कब्जे में नहीं लिया जा सकता।
अभियान के दौरान सेक्टर-4 स्थित एक डेयरी की दुकान पर प्रतिबंधित प्लास्टिक गिलास और पॉलीथिन का उपयोग एवं भंडारण पाए जाने पर नगर निगम ने बारह हजार रुपये का जुर्माना लगाया। साथ ही प्रतिबंधित सामग्री को जब्त कर लिया गया। अधिकारियों ने दुकानदारों को सिंगल यूज प्लास्टिक के प्रयोग से बचने और शासन के निर्देशों का पालन करने की हिदायत दी।
कार्रवाई के दौरान सड़क किनारे अवैध रूप से रखे गए कई काउंटर, ठेल-धकेल और अन्य सामान भी जब्त किए गए। नगर निगम की इस सख्त कार्रवाई से क्षेत्र के दुकानदारों और व्यापारियों में हड़कंप की स्थिति रही। कई व्यापारियों ने तत्काल अपने प्रतिष्ठानों के बाहर रखा सामान हटाना शुरू कर दिया। नगर निगम अधिकारियों ने कहा कि शहर को स्वच्छ, सुंदर और अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने, प्रतिबंधित पॉलीथिन का उपयोग करने और सड़क व फुटपाथ पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी इसी प्रकार की कार्रवाई की जाएगी। नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे शहर की स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें और नगर निगम द्वारा निर्धारित नियमों का पालन करें।


