विश्व धरोहर दिवस पर आगरा किला परिसर में गूंजा स्वच्छता का संदेश

Press Release उत्तर प्रदेश

—- नगर निगम ने पर्यटकों को किया सम्मानित, शहर को नंबर-1 बनाने का लिया संकल्प

आगरा। विश्व धरोहर दिवस के अवसर पर आगरा किला परिसर में शनिवार को स्वच्छता जागरूकता का विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन आगरा नगर निगम द्वारा किया गया, जिसका उद्देश्य नागरिकों और देश-विदेश से आए पर्यटकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के साथ ही शहर को स्वच्छता में अग्रणी बनाने के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उपस्थित लोगों को स्वच्छता के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। स्वच्छ वातावरण के सामाजिक और स्वास्थ्य संबंधी लाभों पर प्रकाश डालते हुए लोगों को दैनिक जीवन में स्वच्छता अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर उपस्थित नागरिकों और पर्यटकों ने सामूहिक रूप से आगरा को स्वच्छता में नंबर-1 बनाने का संकल्प भी लिया।
कार्यक्रम में विशेष रूप से आगरा किला घूमने आए देश-विदेश के पर्यटकों को सम्मानित किया गया। उन्हें स्मृति चिह्न देकर और माल्यार्पण कर उनका उत्साहवर्धन किया गया और शहर की स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करने का आग्रह किया गया। पर्यटकों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए स्वच्छता बनाए रखने में भागीदारी का भरोसा दिलाया।
नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि स्वच्छ सर्वेक्षण को ध्यान में रखते हुए इस तरह के जन-जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि आमजन की भागीदारी सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है। ऐतिहासिक धरोहर स्थलों पर इस प्रकार के आयोजनों से न केवल स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ती है, बल्कि शहर की सकारात्मक छवि भी देश-विदेश में मजबूत होती है। आगरा नगर निगम द्वारा भविष्य में भी इस तरह की पहल जारी रखने की बात कही गई है, जिससे आगरा को स्वच्छ और सुंदर शहर के रूप में स्थापित किया जा सके। इस अवसर पर सैंट एंड्रूज के चेयरमैन डा. गिरधर शर्मा भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *