अस्मिता खेलो इंडिया कबड्डी प्रतियोगिता का शानदार समापन, वैजयंती देवी इंटर कॉलेज बना विजेता

SPORTS उत्तर प्रदेश

आगरा। अस्मिता खेलो इंडिया कबड्डी प्रतियोगिता में आज रोमांचक मुकाबलों के बीच वैजयंती देवी इंटर कॉलेज, बिचपुरी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम कर लिया। पूरे दिन खेले गए मैचों में खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल कौशल और जुझारूपन का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता का पहला मैच लोटस वैली स्कूल और सनफ्लावर शिक्षा सदन पब्लिक स्कूल के बीच खेला गया। इसमें लोटस वैली ने पहले हाफ में 5-3 की बढ़त बनाई और दूसरे हाफ में शानदार खेल दिखाते हुए 13-8 से मैच जीत लिया। टीम की ओर से मानसी, हर्षिता, एंजेल और राधिका ने बेहतरीन प्रदर्शन किया।
दूसरा मैच वैजयंती देवी इंटर कॉलेज, बिचपुरी और बीडी कॉन्वेंट इंटर कॉलेज के बीच हुआ, जिसमें वैजयंती देवी ने पहले हाफ में 12-5 की बढ़त बनाई और अंततः 20-11 से जीत दर्ज की। दीक्षा, पायल, पलक और प्राची ने शानदार खेल दिखाया।
तीसरे मैच में ए के स्पोर्ट्स अकादमी ने जी एल पब्लिक स्कूल को एकतरफा मुकाबले में 16-5 से हराया। अकादमी की ओर से अनुष्का, संजू, भावना और रेशमा ने अंक जुटाए। चौथे मैच में सी एल कॉन्वेंट स्कूल ने सेंट क्वीन मैरी पब्लिक स्कूल को 14-5 से हराकर जीत हासिल की। पलक, खुशी और महक ने टीम के लिए अच्छा प्रदर्शन किया।
सेमीफाइनल मुकाबले
पहले सेमीफाइनल में ए के स्पोर्ट्स अकादमी ने लोटस वैली स्कूल को 23-11 से हराकर फाइनल में जगह बनाई।
दूसरे सेमीफाइनल में वैजयंती देवी इंटर कॉलेज ने सी एल कॉन्वेंट स्कूल को 24-13 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया।
फाइनल मुकाबला
फाइनल मैच वैजयंती देवी इंटर कॉलेज और ए के स्पोर्ट्स अकादमी के बीच बेहद रोमांचक रहा। पहले हाफ में स्कोर 31-25 रहा। दूसरे हाफ में भी कांटे की टक्कर देखने को मिली। निर्णायक क्षण में वैजयंती देवी की खिलाड़ी नंदनी धाकड़ ने शानदार रेड कर महत्वपूर्ण अंक दिलाए। अंततः टीम ने 53-47 से जीत हासिल कर खिताब अपने नाम किया।
मुख्य अतिथि व उपस्थिति
कार्यक्रम में जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष हरि सिंह यादव, भाजपा नेता सोनू चौधरी सहित राजन प्रधान, बृजेश उदानिया, अभिषेक राजपूत, रोहित शर्मा, नरेंद्र शर्मा, तपेश शर्मा, अंकुर उदानिया, राजेश अग्रवाल, ललित पाराशर, प्रशांत शुक्ला, मधु कुमारी और आरती कुमारी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।  प्रतियोगिता का सफल आयोजन जिला कबड्डी संघ द्वारा किया गया। आयोजन सचिव संजय गौतम हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *