महापौर ने आवास पर की स्व जनगणना, शहरवासियों से भी भागीदारी की अपील

Press Release उत्तर प्रदेश

जनगणना कार्य में लापरवाही पर होगी कार्रवाई, नगर निगम सदन में कर्मियों को दिए निर्देश

आगरा। जनगणना के कार्य को लेकर नगर निगम प्रशासन ने कर्मचारियों को जिम्मेदारी और गंभीरता के साथ जुटने के निर्देश दिए हैं। बुधवार को नगर निगम सदन में जनगणना कर्मियों के प्रशिक्षण कार्यक्रम में नगर जनगणना अधिकारी एवं अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार ने स्पष्ट कहा कि सभी कर्मचारी अपने दायित्वों को ईमानदारी से निभाएं। जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कोताही बरतने वाले कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम सदन में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए नगर जनगणना अधिकारी ने जनगणना कर्मियों को कार्य की गंभीरता समझाई। उन्होंने कहा कि जनगणना कार्य को व्यवस्थित ढंग से पूरा करने के लिए सभी कर्मचारी निर्धारित जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करें। सूचनाओं के संकलन और निर्धारित प्रक्रियाओं का पालन करते हुए कार्य को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। सभी कर्मी अपने कार्यक्षेत्र में सक्रियता बनाए रखें और जनगणना अभियान को सफल बनाने में योगदान दें।
नगर निगम सदन के साथ ही शहर के सभी जोनल कार्यालयों में भी जनगणना कर्मियों को प्रशिक्षण दिया गया। इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से कर्मचारियों को कार्य की प्रक्रिया, जिम्मेदारियों और आवश्यक दिशा-निर्देशों से अवगत कराया गया, जिससे अभियान के दौरान किसी प्रकार की समस्या न आए।
उधर, महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह ने भी अपने निवास पर स्व जनगणना कर शहरवासियों को इसके लिए प्रेरित किया। उन्होंने लोगों से अपील की कि स्व जनगणना में भाग लेकर अपनी जानकारी दर्ज करें और जनगणना के महत्वपूर्ण कार्य में सहयोग दें। नागरिकों की सहभागिता से इस अभियान को प्रभावी बनाया जा सकता है। प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान मुख्य कर अधिकारी शिवकुमार गौतम सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *