कासगंज: विगत वर्षों की भांति जनपद में इस वर्ष भी महर्षि वाल्मीकि जयंती भव्यता के साथ मनाई गई। जिला प्रशासन द्वारा जनपद के समस्त ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में महर्षि वाल्मीकि की जयंती पर सम्बंधित स्थलों व मंदिरों पर दीप प्रज्वलित कर दीपदान के साथ ही वाल्मीकि रामायण का पाठ किये जाने के कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। आयोजन स्थलों पर साफ सफाई, सुरक्षा, पेयजल, ध्वनि, प्रकाश आदि की पर्याप्त व्यवस्थायें की गई। इस अवसर पर भक्तिमय सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी कराया गया।
महर्षि वाल्मीकि जी वैदिक काल के महान ऋषियों में से हैं। महर्षि वाल्मीकि को आदि कवि के नाम से भी जाना जाता है। उनके द्वारा रचित विश्व प्रसिद्व कृति रामायण महाकाव्य सामाजिक व मानव मूल्यों तथा राष्ट्र मूल्यों की स्थापना का आदर्श हैं। महर्षि वाल्मीकि द्वारा अपने ग्रन्थ में वर्णित स्थल जिन्हें राम जानकी मार्ग, राम वन गमन मार्ग आदि के रूप में जाना जाता है। ऐसे लगभग 280 स्थल आज भी संपूर्ण भारत में विद्यमान हैं, जहां पर भारतीय संस्कृति के मूल तत्व एवं मान्यतायें आज भी सुरक्षित हैं। ऐसे महर्षि वाल्मीकि की जयंती को संपूर्ण प्रदेश हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है।
———-
नर्सरी से कक्षा 8 तक के विद्यालयों में 10 व 11 अक्टूबर को रहेगा अवकाश।
कासगंज: जनपद में अत्यधिक बारिश के कारण जलभराव एवं अतिवृष्टि की संभावना को दृष्टिगत रखते हुये जिलाधिकारी हर्षिता माथुर के आदेशानुसार जनपद कासगंज के नर्सरी से कक्षा 08 तक के संचालित समस्त राजकीय, परिषदीय, अर्द्ध शासकीय सहायता प्राप्त एवं मान्यता प्राप्त विद्यालयों में 10 एवं 11 अक्टूबर का अवकाश घोषित कर दिया गया है।उक्त जानकारी देते हुये जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने कहा है कि समस्त विद्यालय आदेश का अनुपालन करना सुनिश्चित करें।