आगरा में लगेगा ‘रक्तदान का महाकुंभ’: भारत विकास परिषद निकुंज शाखा ने रखा 1000+ यूनिट का लक्ष्य

Press Release

आगरा: ताजनगरी में समाज सेवा के क्षेत्र में एक नया इतिहास रचने की तैयारी है। भारत विकास परिषद् ‘निकुंज’ शाखा द्वारा आगामी 22 फरवरी को कमला नगर स्थित महाराजा अग्रसेन भवन में एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस महाशिविर के लिए परिषद् ने 1000 यूनिट से अधिक रक्त संग्रह का महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किया है। तैयारियों की समीक्षा के लिए मंगलम बैंकट हॉल में आयोजित बैठक में रणनीति को अंतिम रूप दिया गया।

​बैठक का शुभारंभ मुख्य अतिथि और प्रसिद्ध उद्योगपति पूरन डावर ने किया। उन्होंने परिषद् के इस सेवा संकल्प की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी बताया। संस्थापक एडवोकेट प्रमोद सिंघल ने बताया कि पिछली बार परिषद् ने 885 यूनिट रक्त एकत्र किया था, लेकिन इस वर्ष उत्साह को देखते हुए लक्ष्य को और बढ़ा दिया गया है।

​अध्यक्ष राजेश कुमार गर्ग के अनुसार, शिविर की सफलता के लिए 98 सदस्यों को विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई है, जिनमें से प्रत्येक सदस्य कम से कम पांच रक्तदाताओं को प्रेरित कर लाएंगे। रक्तदान शिविर में रक्तदाताओं की सुविधा के लिए हीमोग्लोबिन और ब्लड ग्रुप की निशुल्क जाँच के साथ-साथ मेडिकल किट और प्राथमिक चिकित्सा का प्रबंध रहेगा। सभी डोनर्स को प्रमाण-पत्र और स्वास्थ्य संबंधी उपहार देकर सम्मानित भी किया जाएगा।

​बैठक में संरक्षक विनय सिंघल, सुभाष वर्मा, सचिव श्रीभगवान सिंघल और कोषाध्यक्ष सीए प्रवीन कुमार गर्ग सहित नीलम अग्रवाल, सीए विवेक अग्रवाल और अन्य सदस्य उपस्थित रहे, जिन्होंने इस आयोजन को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *