
पीएम स्वनिधि योजना से बढ़ रही आत्मनिर्भरता, नए आवेदनों का भी हुआ पंजीकरण
आगरा। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत आयोजित लोक कल्याण मेला स्ट्रीट वेंडर्स के लिए आर्थिक सशक्तिकरण का बड़ा माध्यम बनकर उभर रहा है। नगर निगम स्थित डूडा कार्यालय में आयोजित मेले के दौरान विभिन्न राष्ट्रीयकृत बैंकों द्वारा पात्र लाभार्थियों को ऋण वितरित किया गया, वहीं नए ऋण आवेदनों का पंजीकरण भी किया गया। एक जून से शुरू हुआ यह विशेष अभियान 30 जून तक संचालित किया जाएगा।
मेले में विभिन्न बैंकों के सहयोग से कुल 296 पात्र स्ट्रीट वेंडर्स को 5 करोड़ 52 लाख रुपये का ऋण स्वीकृत एवं वितरित किया गया। ऋण प्राप्त करने वाले लाभार्थियों में रेहड़ी, पटरी, ठेला एवं फुटपाथ पर छोटे व्यवसाय करने वाले विक्रेता शामिल रहे। ऋण मिलने से इन वेंडर्स को अपने व्यवसाय के विस्तार, कार्यशील पूंजी की व्यवस्था और आय में वृद्धि का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम में केनरा बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, बैंक ऑफ इंडिया, पंजाब नेशनल बैंक, इंडियन बैंक तथा बैंक ऑफ बड़ौदा सहित विभिन्न बैंकों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। बैंकों के अधिकारियों ने पात्र लाभार्थियों के आवेदन स्वीकृत कर उन्हें ऋण वितरण किया। इस दौरान बड़ी संख्या में स्ट्रीट वेंडर्स ने मेले में पहुंचकर योजना की जानकारी प्राप्त की और उसका लाभ उठाया।
जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक ऋषिकेश बनर्जी के निर्देशन में सभी बैंक प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में जुटे हुए हैं। कार्यक्रम के दौरान बैंक अधिकारियों ने लाभार्थियों को ऋण प्रक्रिया, समय पर पुनर्भुगतान तथा डिजिटल भुगतान के लाभों के बारे में भी जानकारी दी।
परियोजना अधिकारी डूडा शिशिर कुमार ने बताया कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना का उद्देश्य रेहड़ी-पटरी एवं फुटपाथ पर व्यवसाय करने वाले स्ट्रीट वेंडर्स को बिना किसी गारंटी के कार्यशील पूंजी ऋण उपलब्ध कराना है, ताकि वे आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बन सकें। उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को डिजिटल लेनदेन के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है तथा उन्हें केंद्र एवं राज्य सरकार की अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से भी जोड़ा जा रहा है।
उन्होंने कहा कि लोक कल्याण मेला के माध्यम से न केवल पात्र लाभार्थियों को ऋण सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है, बल्कि नए आवेदनों का पंजीकरण भी किया जा रहा है, जिससे अधिक से अधिक स्ट्रीट वेंडर्स इस योजना का लाभ प्राप्त कर सकें। प्रशासन का लक्ष्य है कि शहर के प्रत्येक पात्र वेंडर तक योजना का लाभ पहुंचाया जाए और उन्हें स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाया जाए।
मेले में लाभार्थियों ने योजना की सराहना करते हुए कहा कि बिना गारंटी ऋण मिलने से उनके कारोबार को नई गति मिलेगी और आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। अधिकारियों ने सभी पात्र स्ट्रीट वेंडर्स से 30 जून तक चलने वाले इस विशेष अभियान का लाभ उठाने की अपील की है।


