स्ट्रीट लाइट के स्विच बॉक्स से हो रही थी बिजली चोरी, नगर निगम की कार्रवाई में एक दर्जन से अधिक कनेक्शन काटे गए

Press Release उत्तर प्रदेश

—- घरों, दुकानों और खोखों तक पहुंचाई जा रही थी अवैध बिजली, केबिल जब्त
—– विजिलेंस कार्रवाई के लिए टोरंट पावर को पत्र

आगरा। नगर निगम के स्ट्रीट लाइट पोलों पर लगे स्विच बॉक्स से बिजली चोरी का बड़ा मामला सामने आने पर नगर निगम विद्युत विभाग और टास्क फोर्स की टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर एक दर्जन से अधिक अवैध कनेक्शनों को काट दिया। कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में अवैध रूप से डाली गई केबिल भी जब्त की गई। अचानक हुई कार्रवाई से संबंधित क्षेत्रों में खलबली मच गई और कई लोगों में हड़कंप की स्थिति रही।
नगर निगम प्रशासन को सूचना मिली थी कि कुछ लोग स्ट्रीट लाइट पोलों पर स्थापित स्विच बॉक्स से सीधे बिजली लेकर अपने घरों, दुकानों और खोखों तक अवैध कनेक्शन चला रहे हैं। इससे न केवल नगर निगम को राजस्व की हानि हो रही थी, बल्कि स्ट्रीट लाइट व्यवस्था पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा था। शिकायत मिलने के बाद नगर निगम के विद्युत विभाग और टास्क फोर्स ने संयुक्त रूप से देवरी रोड और कोटली बगीची पर जांच अभियान चलाया।
जांच के दौरान पाया गया कि कई स्थानों पर स्विच बॉक्स से सीधे तार जोड़कर बिजली का उपयोग किया जा रहा था। टीम ने मौके पर ही अवैध कनेक्शनों को काटते हुए केबिल जब्त कर ली। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि सार्वजनिक संपत्ति से बिजली चोरी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई की जाएगी।
मुख्य अभियंता (विद्युत एवं यांत्रिक) अजय कुमार राम ने बताया कि अभियान के दौरान एक दर्जन से अधिक अवैध कनेक्शन पकड़े गए हैं। संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ आगे की कानूनी एवं विजिलेंस कार्रवाई सुनिश्चित कराने के लिए टोरंट पावर को पत्र भेजा गया है। उन्होंने कहा कि बिजली चोरी से सरकारी संसाधनों को नुकसान पहुंचता है और इससे आम जनता को मिलने वाली सुविधाएं भी प्रभावित होती हैं।
उन्होंने बताया कि नगर निगम की टीम आगे भी नियमित रूप से निरीक्षण अभियान चलाएगी। यदि किसी क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट पोल, स्विच बॉक्स अथवा अन्य नगर निगम की विद्युत व्यवस्था से छेड़छाड़ या बिजली चोरी करते हुए कोई पाया जाता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *