रेलवे सुरक्षा बल (RPF) द्वारा यात्रियों की सुरक्षा एवं संरक्षा के लिए चलाए जा रहे अभियान ऑपरेशन “जीवन रक्षा” के तहत मथुरा जंक्शन पर एक RPF कर्मचारी की सतर्कता एवं साहसिक कार्रवाई से महिला यात्री की जान बचाई गई।
दिनांक 11.11.2026 को मथुरा जंक्शन के प्लेटफॉर्म संख्या-01 से गाड़ी संख्या 18478 कलिंग उत्कल एक्सप्रेस अपने निर्धारित ठहराव के पश्चात दोपहर 14:05 बजे गंतव्य के लिए रवाना हुई। इस दौरान IPF उपदेश कुमार कौशिक एवं प्लेटफॉर्म ड्यूटी पर तैनात RPF/RPSF स्टाफ द्वारा गाड़ी को सुरक्षित रूप से पास कराया जा रहा था।
इसी दौरान S-3 कोच में एक महिला यात्री ने चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास किया। इस दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रेन के गेट से लटक गई। स्थिति अत्यंत गंभीर थील
स्थिति की गंभीरता को समझते हुए प्रभारी निरीक्षक उपदेश कुमार कौशिक ने तत्काल साहस, सतर्कता एवं त्वरित निर्णय क्षमता का परिचय दिया। उन्होंने अपनी सुरक्षा की परवाह किए बिना महिला यात्री को पकड़कर सुरक्षित रूप से चलती ट्रेन से दूर खींच लिया। उनकी इस त्वरित एवं साहसिक कार्रवाई से महिला यात्री की जान बच गई तथा उसे किसी प्रकार की चोट नहीं आई।
इसके पश्चात महिला यात्री से प्राथमिक उपचार (First Aid) उपलब्ध कराने के संबंध में पूछा गया, लेकिन उसने इसकी आवश्यकता नहीं बताते हुए मना कर दिया। घटना के कारण महिला यात्री अत्यधिक भयभीत थी और अपना नाम-पता बताने की स्थिति में नहीं थी। बाद में उसे सुरक्षित रूप से ट्रेन में बैठाकर उसके गंतव्य की ओर रवाना किया गया।
इस प्रकार प्रभारी निरीक्षक उपदेश कुमार कौशिक द्वारा प्रदर्शित कर्तव्यनिष्ठा, सजगता, साहस एवं त्वरित कार्यवाही से एक अनमोल जीवन की रक्षा संभव हो सकी। मौके पर उपस्थित यात्रियों ने भी RPF कर्मचारी के इस सराहनीय एवं मानवतापूर्ण कार्य की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
रेलवे सुरक्षा बल यात्रियों की सुरक्षा एवं संरक्षा के लिए सदैव प्रतिबद्ध है। यात्रियों से अपील है कि चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने का प्रयास न करें तथा सुरक्षित यात्रा नियमों का पालन करें।


