आगरा। भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड द्वारा आगरा शहर में आधुनिक एवं सुविधाजनक एलपीजी सेवा ‘भारतगैस लाइट ज़िप’ का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय, बीकानेर के पूर्व कुलपति डॉ. आर.पी. सिंह, टेरिटरी मैनेजर श्री अभिषेक यादव तथा मैनेजर सेल्स श्री श्लोक गुप्ता उपस्थित रहे। अतिथियों द्वारा भारतगैस लाइट ज़िप सिलेंडर का औपचारिक रूप से शुभारंभ किया गया।
‘भारतगैस लाइट ज़िप’ एक प्रीमियम फ्री ट्रेड एलपीजी सिलेंडर सेवा है, जिसे ग्राहकों को तत्काल नया कनेक्शन तथा तेज और सुविधाजनक डिलीवरी प्रदान करने के उद्देश्य से शुरू किया गया है। यह हल्का कम्पोजिट सिलेंडर आधुनिक डिजाइन, बेहतर सुरक्षा और आसानी से उठाने एवं एक स्थान से दूसरे स्थान तक ले जाने की सुविधा प्रदान करता है। आगरा में प्रारंभिक चरण में यह सेवा निम्नलिखित चार भारतगैस वितरकों के माध्यम से शुरू की गई है:
1. ए.सी. भारतगैस, रामबाग
2. पालीवाल फ्लेम्स, बेलनगंज
3. राधिका गैस, खेरिया मोड़
4. श्री लक्ष्मी भारतगैस, कैंट मॉल रोड
इस सेवा की सबसे महत्वपूर्ण विशेषता यह है कि ग्राहक द्वारा ऑर्डर किए जाने के बाद चार घंटे के भीतर सिलेंडर की एक्सप्रेस डिलीवरी सुनिश्चित की जाएगी। भारतगैस लाइट कम्पोजिट सिलेंडर सामान्य स्टील सिलेंडर की तुलना में हल्का, जंग-रोधी और आकर्षक डिजाइन वाला है। इसकी पारदर्शी बॉडी के कारण ग्राहक सिलेंडर में उपलब्ध गैस के स्तर को भी आसानी से देख सकते हैं।
इस अवसर पर अधिकारियों ने बताया कि ‘भारतगैस लाइट ज़िप’ सेवा विशेष रूप से कामकाजी पेशेवरों, विद्यार्थियों, किराए पर रहने वाले लोगों तथा अस्थायी आबादी की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए शुरू की गई है। इसके माध्यम से ग्राहकों को तत्काल कनेक्शन, हल्का सिलेंडर और चार घंटे के भीतर सुविधाजनक डिलीवरी का लाभ मिलेगा। आगरा में इस सेवा की शुरुआत भारतगैस द्वारा ग्राहकों को अधिक तेज, सुरक्षित, आधुनिक और सुविधाजनक एलपीजी सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।


