दुकान के बाहर सामान रखना कारोबारी को पड़ा भारी

Press Release उत्तर प्रदेश


—– फुटपाथ और नाली पर कोयला के कट्टे रखने पर दुकानदार पर 5000 का जुर्माना
—- पूर्व में दी गई चेतावनी को दुकानदार ले रहा था हल्के में

आगरा। नगर निगम प्रशासन की चेतावनी के बावजूद फुटपाथ और नालियों पर सामान रखना एक दुकानदार को भारी पड़ गया। नगर निगम के प्रवर्तन दल ने कार्रवाई करते हुए मौके पर ही पांच हजार रुपये का जुर्माना वसूल किया और भविष्य में दोबारा ऐसा करने पर सामान जब्त करने की चेतावनी भी दी।
मामला जीवनी मंडी स्थित खाटूश्यामजी मंदिर के पास फ्रीगंज जोन के मिल लाइन क्षेत्र का है। यहां सागर गोयल नाम के दुकानदार द्वारा अपनी दुकान के बाहर नाली और फुटपाथ पर कोयले के कट्टे रख दिए गए थे। दुकानदार के इस कृत्य से जहां एक ओर पैदल राहगीरों और यातायात को असुविधा हो रही थी, वहीं दूसरी ओर नाली की नियमित सफाई भी बाधित हो रही थी।
क्षेत्रीय जेडएसओ आशुतोष वर्मा द्वारा पूर्व में भी संबंधित दुकानदार को कई बार चेतावनी दी जा चुकी थी कि वह नाली और फुटपाथ पर किसी प्रकार का सामान न रखें। इसके बावजूद दुकानदार ने नियमों की अनदेखी करते हुए दोबारा कोयले के कट्टे दुकान के बाहर रख दिए।
शिकायत मिलने पर नगर निगम का प्रवर्तन दल मौके पर पहुंचा और स्थिति का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान नाली और फुटपाथ पर रखे कोयले के कट्टे पाए गए, जिसके चलते तत्काल कार्रवाई करते हुए दुकानदार से मौके पर ही पांच हजार रुपये का जुर्माना वसूल किया गया। साथ ही सख्त चेतावनी दी गई कि यदि दोबारा फुटपाथ या नाली पर सामान रखा गया तो उसे जब्त करने की कार्रवाई भी की जाएगी। अतिक्रमण प्रभारी डॉ अजय कुमार सिंह ने बताया कि सार्वजनिक स्थलों, फुटपाथों और नालियों पर अतिक्रमण या सामान रखने से न केवल यातायात बाधित होता है बल्कि सफाई व्यवस्था भी प्रभावित होती है। ऐसे मामलों में नगर निगम द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर आगे भी सख्त कदम उठाए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *