
नगर निगम कर रहा घाटों और मार्गों पर रोशनी की पुख्ता व्यवस्था, छठ से पूर्व पूरा होगा सारा काम
आगरा। छठ पर्व को लेकर नगर निगम आगरा ने घाटों पर रोशनी की विशेष व्यवस्था शुरू कर दी है। यमुना किनारे स्थित प्रमुख घाटों बल्केश्वर स्थित पार्वती घाट, कैलाश घाट, दशहरा घाट और सीताराम घाट पर फ्लड लाइटें लगाई जा रही हैं ताकि छठ व्रतियों को शाम और सुबह के अर्घ्य के समय पर्याप्त रोशनी मिल सके।
मुख्य अभियंता विद्युत एवं यांत्रिक अजय कुमार राम ने बताया कि सभी घाटों पर फ्लड लाइटें लगाई जा रही हैं और परीक्षण कार्य भी जारी है। साथ ही घाटों तक जाने वाले मार्गों पर भी स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत और नई लाइटें लगाने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। उनका कहना है कि छठ पर्व से पूर्व सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएंगी, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। यह व्यवस्था न केवल पर्व की सुंदरता बढ़ाएगी बल्कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा के दृष्टिकोण से भी अहम है। रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था से घाटों पर भीड़ नियंत्रण और निगरानी में भी सुविधा होगी।
—— नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने का कहना है कि छठ पर्व पर श्रद्धालुओं की सुविधा नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। घाटों की सफाई, समतलीकरण और रोशनी की पूरी व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। सभी संबंधित विभागों को समय से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि व्रतियों को स्वच्छ, सुरक्षित और प्रकाशमय वातावरण मिल सके।
