
—– आंधी-तूफान में हादसे का खतरा बढ़ा, नगर निगम ने विज्ञापन एजेंसियों को दी अंतिम चेतावनी
आगरा। शहर में ऊंची इमारतों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की छतों पर लगाए गए रूफटॉप विज्ञापन स्ट्रक्चर अब नगर निगम प्रशासन की सख्त निगरानी में आ गए हैं। स्ट्रक्चर स्टेबिलिटी प्रमाणपत्र जमा न कराने वाले ठेकेदारों के खिलाफ नगर निगम प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई की तैयारी कर ली है। ऐसे ठेकेदारों के लाइसेंस निरस्त किए जाने की प्रक्रिया शुरू की जा सकती है।
शहर में विज्ञापन प्रदर्शन के उद्देश्य से डेढ़ सौ से अधिक बड़े लोहे के स्ट्रक्चर विभिन्न भवनों और दुकानों की छतों पर लगाए गए हैं। इन रूफटॉप विज्ञापनों के संचालन के लिए नगर निगम द्वारा ठेकेदारों को लाइसेंस जारी किए जाते हैं। नियमों के अनुसार प्रत्येक वर्ष ठेकेदारों को किसी अधिकृत इंजीनियर से स्ट्रक्चर स्टेबिलिटी प्रमाणपत्र बनवाकर नगर निगम में जमा कराना अनिवार्य होता है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि विज्ञापन स्ट्रक्चर सुरक्षित हैं और किसी भी प्रकार की दुर्घटना का कारण नहीं बनेंगे।
नगर निगम प्रशासन द्वारा सभी रूफटॉप विज्ञापन संचालकों और ठेकेदारों को नोटिस जारी कर एक सप्ताह के भीतर स्टेबिलिटी प्रमाणपत्र जमा कराने के निर्देश दिए गए थे। निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बावजूद अधिकांश ठेकेदारों द्वारा प्रमाणपत्र जमा नहीं कराया गया है। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए नगर निगम अब ऐसे ठेकेदारों के खिलाफ लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई करने की तैयारी में है।
सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम ने बताया कि अप्रैल से जून के बीच आंधी और तूफान की घटनाएं अधिक होती हैं। ऐसे मौसम में कमजोर या जर्जर लोहे के स्ट्रक्चर गिरने का खतरा बना रहता है, जिससे जनहानि और संपत्ति का नुकसान हो सकता है। इसी उद्देश्य से नगर निगम प्रत्येक वर्ष स्टेबिलिटी प्रमाणपत्र लेना अनिवार्य करता है।
उन्होंने कहा कि कुछ ठेकेदार नगर निगम के नोटिस को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं, जबकि यह सीधे तौर पर लोगों की सुरक्षा से जुड़ा मामला है। यदि दैवीय आपदा या तेज आंधी के दौरान कोई रूफटॉप स्ट्रक्चर गिरता है और उससे कोई हादसा होता है, तो संबंधित ठेकेदार उसकी पूरी जिम्मेदारी के लिए उत्तरदायी होगा।
नगर निगम प्रशासन अब ऐसे सभी मामलों की सूची तैयार कर रहा है, जिनमें निर्धारित समय के भीतर प्रमाणपत्र जमा नहीं किए गए हैं। जल्द ही संबंधित ठेकेदारों को अंतिम नोटिस जारी कर आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
नगर आयुक्त का वर्जन—–
नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी विज्ञापन ठेकेदारों को नियमों का पालन करना अनिवार्य होगा। जो एजेंसियां और ठेकेदार स्ट्रक्चर स्टेबिलिटी प्रमाणपत्र जमा नहीं करेंगे, उनके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई करते हुए लाइसेंस निरस्त किए जाएंगे। नगर निगम किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं करेगा।


