नगर निगम ने की वैकल्पिक व्यवस्था, यमुना आरती स्थल पर होगी छठ पूजा
आगरा। छठ पर्व पर इस बार हाथी घाट की जगह यमुना आरती स्थल पर छठ पूजा के लिए व्यवस्थाएं की गई हैं। अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार ने बताया कि इस वर्ष यमुना में पानी का प्रवाह तेज और अधिक गहराई होने के कारण हाथी घाट पर श्रद्धालुओं के खड़े होकर अर्घ्य देने हेतु उपयुक्त न होने के कारण नगर निगम प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पास ही स्थित यमुना आरती स्थल को छठ पूजा के लिए तैयार कराया है।
नगर निगम द्वारा आरती स्थल पर साफ-सफाई, समतलीकरण, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित किए गए हैं। घाट क्षेत्र को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। अपर नगर आयुक्त ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे इस बार छठ पूजा के लिए हाथी घाट के बजाय यमुना आरती स्थल पर पहुंचें और वहां की व्यवस्थाओं का लाभ उठाते हुए सुरक्षित एवं स्वच्छ तरीके से पर्व मनाएं। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए वहां अतिरिक्त सफाई कर्मी, जल आपूर्ति टैंकर और लाइटिंग स्टाफ की तैनाती भी की जाएगी।
