अखिल भारतीय ओपन हॉकी गोल्ड कप में सुखजीवन स्पोर्ट्स अकादमी आगरा ने दिल्ली को 5-0 से रौंदा, क्वार्टर फाइनल में प्रवेश

SPORTS उत्तर प्रदेश

आगरा। पंजाब के नवांशहर में आयोजित हो रहे प्रतिष्ठित अखिल भारतीय ओपन हॉकी गोल्ड कप टूर्नामेंट में सुखजीवन स्पोर्ट्स अकादमी आगरा की टीम ने हॉकी दिल्ली की टीम के खिलाफ अपने शानदार प्रदर्शन से सनसनी मचा दी है। एकतरफा मुकाबले में आगरा की टीम ने दिल्ली को 5-0 के भारी अंतर से हराकर शान के साथ क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह सुरक्षित कर ली है। मैच की शुरुआत से ही सुखजीवन अकादमी के खिलाड़ियों ने आक्रामक रुख अपनाया और दिल्ली की रक्षापंक्ति को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।

मैच के शुरुआती पलों में ही अनुराग सिंह ने पहले ही क्वार्टर में एक बेहतरीन फील्ड गोल दागकर टीम को 1-0 की बढ़त दिलायी जिसके बाद दी, जिसके बाद दूसरे क्वार्टर में भी इसी दबाव को जारी रखते हुए योगेश थापा ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर स्कोर 2-0 कर दिया। आगरा के दिनेश का जलवा: मैच के दौरान दिनेश शर्मा ने अपनी ड्रैग-फ्लिक का लोहा मनवाते हुए पेनल्टी कॉर्नर की मदद से दो बैक-टू-बैक गोल किए। टीम के लिए पांचवां और अंतिम गोल अनुज सिंह ने कर जीत पर मुहर लगा दी।

टीम के कोच दिलीप शर्मा ने खिलाड़ियों के तालमेल की प्रशंसा करते हुए बताया कि टीम वर्तमान में बेहतरीन तालमेल के साथ अच्छी फॉर्म में है। टीम का अगला मुकाबला (क्वार्टर फाइनल) 9 फरवरी को संसारपुर हॉकी अकादमी के खिलाफ खेला जाएगा। जिसे जीतकर सुखजीवन स्पोर्ट्स अकादमी आगरा की टीम सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की करना चाहेगी। इस शानदार जीत पर सुखजीवन हॉकी अकादमी के अध्यक्ष राजीव सोई ने सभी खिलाड़ियों को बधाई दी और उम्मीद जताई कि टीम अगले मैचों में भी इसी शानदार तालमेल ओर ऊर्जा के साथ प्रदर्शन करेगी।

टीम की इस उपलब्धि पर अकादमी के सचिव अमिताभ गौतम, क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी आगरा संजय शर्मा, गोपाल, अमरजीत सिंह, गर्जन सिंह, अजय सिंह राजपूत, धर्मेश राजपूत, चौधरी एम. डी अहमद खान, डॉ. मानवेंद्र सिंह, प्रधानाचार्य जीआईसी मंडलीय क्रीड़ा सचिव आगरा अनिल कुमार, संजय नेहरू और केपी सिंह यादव एवं सभी हॉकी ओर खेल प्रेमियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *