शराब ठेकों के पास कैंटीनों में प्रतिबंधित प्लास्टिक गिलासों पर छापामारी

Press Release उत्तर प्रदेश

—— सदर भट्ठी और हींग की मंडी में कैंटीन संचालकों से वसूला गया जुर्माना

आगरा। नगर निगम प्रशासन द्वारा प्रतिबंधित प्लास्टिक के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चेतावनियों के बावजूद नियमों की अनदेखी करने वालों पर अब सख्त कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इसी क्रम में आज प्रवर्तन दल ने शराब ठेकों के आसपास संचालित कैंटीनों पर छापामारी कर प्रतिबंधित प्लास्टिक गिलासों के उपयोग का खुलासा किया।
निगम प्रवर्तन दल द्वारा सदर भट्ठी और हींग की मंडी क्षेत्र में स्थित शराब ठेकों के बगल में संचालित कैंटीनों की जांच की गई। इस दौरान सदर भट्ठी क्षेत्र में कुलदीप द्वारा संचालित कैंटीन तथा हींग की मंडी क्षेत्र में सुनील की कैंटीन में प्रतिबंधित प्लास्टिक गिलासों का उपयोग पाया गया। जांच के दौरान कैंटीन में मौजूद लोग शराब पीने के लिए प्लास्टिक गिलासों का इस्तेमाल कर रहे थे।
छापामारी के दौरान मौके से बड़ी संख्या में प्रतिबंधित प्लास्टिक गिलास बरामद किए गए। प्रवर्तन दल ने दोनों कैंटीन संचालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करते हुए मौके पर ही जुर्माना वसूला। साथ ही उन्हें कड़ी चेतावनी दी गई कि भविष्य में यदि दोबारा प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग पाया गया तो और भी कठोर कार्रवाई की जाएगी, जिसमें कैंटीन सील करने जैसी कार्रवाई शामिल हो सकती है। नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि प्लास्टिक प्रदूषण पर नियंत्रण और स्वच्छता बनाए रखने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। शराब ठेकों के आसपास प्लास्टिक के उपयोग से न केवल पर्यावरण को नुकसान पहुंचता है, बल्कि सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी भी फैलती है। ऐसे में नियमों का उल्लंघन करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। नगर निगम प्रशासन ने कैंटीन और ढाबा संचालकों से अपील की है कि वे प्रतिबंधित प्लास्टिक के स्थान पर वैकल्पिक सामग्री का उपयोग करें और स्वच्छता अभियान में सहयोग करें, अन्यथा सख्त कार्रवाई के लिए तैयार रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *