
शिकायत पर कार्रवाई, सड़क समतल कराई, लोगों ने ली राहत की सांस
आगरा। शहर में सड़क पर अतिक्रमण कर टाइल्स लगाने वाले भवन स्वामी पर नगर निगम की कार्रवाई भारी पड़ गई। जवाहर नगर बाइपास रोड खंदारी निवासी योगेश कुमार ने अपने घर के सामने सड़क पर टाइल्स लगाकर न केवल अतिक्रमण किया बल्कि सड़क की ऊंचाई भी बढ़ा दी थी। इससे आसपास के लोगों को आवाजाही में परेशानी होने लगी।
स्थानीय निवासी ने इस समस्या को आईजीआरएस पोर्टल पर दर्ज कराया। शिकायत में कहा गया कि टाइल्स लगाने से सड़क का स्तर ऊंचा हो गया है, जिससे वाहन चालकों और पैदल चलने वालों को दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी की मदद से सड़क पर लगाई गई टाइल्स को उखाड़ दिया और सड़क को समतल करा दिया। नगर निगम की इस कार्रवाई से स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली। लोगों का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई नियमित रूप से होनी चाहिए ताकि कोई भी व्यक्ति सड़क या सार्वजनिक स्थान पर अतिक्रमण करने की हिम्मत न कर सके।
—-नगर आयुक्त का कहना है——
नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने कहा कि सार्वजनिक सड़क पर अतिक्रमण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सड़कें आमजन के आवागमन के लिए हैं, न कि निजी इस्तेमाल के लिए। शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई की गई है और आगे भी ऐसे मामलों में सख्ती बरती जाएगी।


