मानकविहीन काम पर नगर आयुक्त सख्त, ठेकेदार पर पेनाल्टी

Press Release उत्तर प्रदेश

निरीक्षण में खामियां मिलने पर दिए पुनः निर्माण और सुधार के निर्देश

आगरा। नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने शुक्रवार को शहर में विभिन्न स्थानों पर चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान मानक के अनुरूप कार्य न करने और एनजीटी के आदेशों का उल्लंघन पाए जाने पर नगर आयुक्त ने दीप कंस्ट्रक्शन कंपनी पर पेनाल्टी लगाने के निर्देश दिए।
बोधला रोड पर फुटपाथ इंटरलॉकिंग का काम कर रही दीप कंस्ट्रक्शन कंपनी की लापरवाही पर नगर आयुक्त ने नाराजगी जताई। कार्य मानक अनुरूप न होने और मलबा सड़क किनारे पड़ा मिलने पर उन्होंने ठेकेदार पर पैनाल्टी की कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं, समृद्धि कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा बनाई गई सड़क का ढलान ठीक न होने पर उस पर एक अतिरिक्त लेयर डालने को कहा गया। कर्व स्टोन से बने डिवाइडर में खामियां मिलने पर उसे दोबारा बनाने के निर्देश दिए गए।
दीप कंस्ट्रक्शन द्वारा बनाए जा रहे नाले का एलाइनमेंट भी गलत पाया गया। नगर आयुक्त ने निर्माण गुणवत्ता को संतोषजनक न पाकर नाले को पुनः बनाने के निर्देश दिए। साथ ही, उन्होंने फुटपाथ और सड़क किनारे लगने वाली सब्जी मंडी को पीछे करने और अनुपयोगी पोल, ट्रांसफार्मर व केबिल्स को हटाने के निर्देश संबंधित विभाग को दिए।
आवास विकास शनि-हनुमान मंदिर मार्ग पर जी जे इंफ्राटेक कंपनी द्वारा की जा रही इंटरलॉकिंग ठीक न होने पर नगर आयुक्त ने उसे तुरंत दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। वहीं, लोहा मंडी से मदिया कटरा रोड को चौड़ा करने के लिए उन्होंने क्षेत्रीय अभियंता को कहा कि जहां डिवाइडर अधिक चौड़ा है वहां उसे कम किया जाए और साइड नाले को कवर कर डिवाइडर पर रेलिंग लगाई जाए।
राजामंडी क्षेत्र में पुलिया के पास जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान निकालने के निर्देश नगर आयुक्त ने एई जलकल को फोन पर दिए। राजामंडी स्टेशन के पास अधूरा पड़ा सेल्फी प्वाइंट पूरा करने और साइड पटरी ठीक करने के साथ ही चामुंडा मंदिर के आसपास की खाली जमीन पर पार्क विकसित करने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान जयपुर हाउस क्षेत्र में गंदगी मिलने पर नगर आयुक्त ने नाराजगी जताते हुए क्षेत्रीय एसएफआई को सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। इस मौके पर सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम, निर्माण अभियंता ई. वेग, प्रवर्तन प्रभारी डॉ. अजय कुमार सिंह समेत नगर निगम और शासक विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *