—– सार्वजनिक जमीन पर कब्जे की कोशिश नाकाम, निगम की कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों में हड़कंप
आगरा। नगर निगम प्रशासन ने सार्वजनिक भूमि पर किए गए अवैध कब्जे के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए सिकंदरा क्षेत्र के बाबरपुर स्थित सद्भाव मंडप के पास नगर निगम की भूमि को अतिक्रमणमुक्त करा दिया। प्रवर्तन दल की मौजूदगी में अवैध रूप से निर्मित बाउंड्री वॉल को ध्वस्त कर निगम की भूमि को कब्जामुक्त कराया गया।
सिकंदरा बाबरपुर स्थित गाटा संख्या 1/1 में सद्भाव मंडप के निकट नगर निगम की लगभग 150 मीटर भूमि खाली पड़ी हुई है। शिकायत मिलने पर पता चला कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा इस भूमि के एक हिस्से, करीब 80 गज क्षेत्रफल पर अवैध रूप से कब्जा कर बाउंड्री वॉल का निर्माण करा लिया गया है। मामले की जानकारी मिलने पर सहायक नगर आयुक्त श्रद्धा पांडेय ने तत्काल संज्ञान लेते हुए राजस्व निरीक्षक वैभव यादव एवं शालिनी सिंह को मौके पर जाकर जांच करने के निर्देश दिए।
निर्देशों के अनुपालन में दोनों अधिकारी नगर निगम के प्रवर्तन दल के साथ मौके पर पहुंचे और भूमि का निरीक्षण किया। जांच के दौरान अवैध निर्माण कराने वाले व्यक्ति की पहचान और जानकारी जुटाने का प्रयास किया गया, लेकिन कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी। इसके बाद अधिकारियों ने नगर निगम की भूमि पर किए गए अवैध कब्जे को हटाने की कार्रवाई करते हुए पूरी बाउंड्री वॉल को ध्वस्त करा दिया।
नगर निगम की इस कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में लोगों की भीड़ जुट गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक एवं निगम की भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य का वर्जन:
“नगर निगम की भूमि एवं अन्य सार्वजनिक संपत्तियों पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा स्वीकार नहीं किया जाएगा। निगम प्रशासन शहरभर में अतिक्रमण और अवैध कब्जों के विरुद्ध अभियान चला रहा है। जहां भी निगम अथवा सार्वजनिक भूमि पर कब्जे की शिकायत प्राप्त होगी, वहां तत्काल जांच कर कठोर कार्रवाई की जाएगी। सरकारी भूमि की सुरक्षा और जनहित सर्वोपरि है।”


