मोहर्रम को लेकर नगर निगम अलर्ट, ताजिया मार्गों पर पैचवर्क, लाइटिंग और सफाई अभियान तेज

Press Release उत्तर प्रदेश

—- आलमगंज से ताजगंज तक व्यवस्थाएं दुरुस्त करने में जुटा निगम, नगर आयुक्त ने दिए विशेष निर्देश

आगरा। मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए नगर निगम प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। ताजिया जुलूस जिन मार्गों से होकर गुजरेगा, वहां सड़क, प्रकाश व्यवस्था और सफाई संबंधी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है। नगर निगम की विभिन्न टीमें शहर में दिनभर व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने में जुटी रहीं।
नगर निगम द्वारा आलमगंज, विजय नगर, ताजगंज, लोहामंडी, पंचकुइया और बिल्लोचपुरा सहित अन्य प्रमुख ताजिया मार्गों पर विशेष अभियान चलाकर सड़क मरम्मत (पैचवर्क) का कार्य कराया जा रहा है। जिन स्थानों पर सड़क क्षतिग्रस्त या गड्ढायुक्त पाई गई, वहां तत्काल मरम्मत कर मार्गों को सुगम बनाया जा रहा है ताकि जुलूस के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इसके साथ ही मार्गों पर खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को ठीक कराया जा रहा है तथा अतिरिक्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए भी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। रात्रिकालीन जुलूसों को ध्यान में रखते हुए प्रकाश व्यवस्था को विशेष प्राथमिकता दी गई है। सफाई व्यवस्था को लेकर भी नगर निगम गंभीरता से कार्य कर रहा है। संबंधित क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाकर नालियों की सफाई, कूड़ा उठान और सड़क धुलाई जैसे कार्य कराए जा रहे हैं। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि जुलूस मार्गों पर कहीं भी गंदगी या अव्यवस्था दिखाई न दे।
नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने सभी अधीनस्थ अधिकारियों, अभियंताओं और जोनल अधिकारियों को व्यवस्थाओं पर लगातार निगरानी रखने तथा किसी भी समस्या का तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि मोहर्रम के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए नगर निगम पूरी तरह मुस्तैद है और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण कर ली जाएंगी। नगर निगम अधिकारियों के अनुसार आगामी दिनों में भी विभिन्न ताजिया मार्गों का निरीक्षण जारी रहेगा और जहां कहीं भी कमी मिलेगी, उसे तत्काल दूर कराया जाएगा ताकि मोहर्रम पर्व के दौरान शहर में बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध रह सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *