
—- 24 लाख रुपये से नगर निगम करा रहा पार्क का सौंदर्यीकरण, बाउंड्री वॉल, गेट, ग्रिल और पाथवे का काम लगभग पूरा
आगरा । आवास विकास सेक्टर-13 स्थित वर्षों से उपेक्षित पड़े गड्ढे वाले पार्क के दिन बहुरने वाले हैं। नगर निगम की ओर से पार्क के सौंदर्यीकरण पर करीब 24 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। पंद्रहवें वित्त आयोग से कराए जा रहे इस कार्य के तहत पार्क का समतलीकरण कराने के बाद चारों ओर बाउंड्री वॉल, गेट और ग्रिल लगाने का काम कराया जा रहा है। निर्माण संबंधी अधिकांश कार्य लगभग पूरा हो चुका है।
पार्क के विकसित होने के बाद क्षेत्र के लोगों को बेहतर हरित और मनोरंजन स्थल मिल सकेगा। पार्क में बच्चों के लिए झूले लगाए जाने के साथ ही लोगों के टहलने के लिए पाथवे भी तैयार किया जा रहा है। लंबे समय से बदहाल स्थिति में पड़े इस पार्क को विकसित किए जाने से स्थानीय लोगों में भी खुशी है।
—- समतलीकरण के बाद तेजी से कराया जा रहा निर्माण कार्य
वर्षों से उपेक्षित रहने के कारण पार्क का अधिकांश हिस्सा ऊबड़-खाबड़ और गड्ढों से भरा हुआ था। ऐसे में सबसे पहले पार्क का समतलीकरण कराया गया। इसके बाद चारों ओर सुरक्षा के लिहाज से बाउंड्री वॉल, गेट और ग्रिल लगाने का कार्य शुरू किया गया। नगर निगम अधिकारियों के अनुसार निर्माण से जुड़े अधिकांश कार्य अब पूरे हो चुके हैं और शेष कार्य भी जल्द पूरा कर लिया जाएगा।
इस संबंध में जानकारी देते हुए मुख्य अभियंता अरविंद श्रीवास्तव ने बताया कि पार्क में आने वाले लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पाथवे का निर्माण भी कराया जा रहा है। वहीं बच्चों के मनोरंजन के लिए झूलों की व्यवस्था की जाएगी। इससे पार्क का उपयोग बच्चों के साथ-साथ सुबह-शाम टहलने वाले लोगों के लिए भी किया जा सकेगा।
—- उद्यान विभाग लगाएगा पेड़-पौधे
निर्माण संबंधी कार्य पूर्ण होने के बाद नगर निगम का उद्यान विभाग पार्क को हरा-भरा करने की जिम्मेदारी संभालेगा। पार्क में विभिन्न प्रजातियों के पेड़-पौधे और हरियाली विकसित की जाएगी। इससे क्षेत्र में हरित क्षेत्र बढ़ने के साथ लोगों को स्वच्छ और बेहतर वातावरण मिल सकेगा।
क्षेत्रीय पार्षद गौरव शर्मा ने पार्क के सौंदर्यीकरण का प्रस्ताव नगर निगम के समक्ष रखा था। प्रस्ताव स्वीकृत होने के बाद पिछले दिनों ही कार्य का वर्क ऑर्डर जारी किया गया था। इसके बाद पार्क में निर्माण कार्य शुरू कराया गया।
—– क्षेत्रीय लोगों को मिलेगा बेहतर पार्क
स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से पार्क की बदहाली के कारण इसका उपयोग नहीं हो पा रहा था। अब इसके विकसित होने से आसपास रहने वाले लोगों को टहलने और बच्चों को खेलने के लिए बेहतर स्थान मिल सकेगा। खासकर सुबह और शाम के समय पार्क में लोगों की आवाजाही बढ़ने की उम्मीद है।
क्षेत्रीय अवर अभियंता मुकेश कुमार ने बताया कि पार्क के सौंदर्यीकरण का कार्य करीब 24 लाख रुपये की लागत से कराया जा रहा है। समतलीकरण, बाउंड्री वॉल, गेट और ग्रिल समेत निर्माण से जुड़े अधिकांश कार्य पूरे हो चुके हैं। शेष कार्य भी जल्द पूरा कराया जाएगा। इसके बाद उद्यान विभाग की ओर से पार्क में पौधारोपण और हरियाली विकसित करने का कार्य किया जाएगा।
—- नगर आयुक्त का वर्जन
नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने कहा कि शहर के पार्कों को बेहतर और उपयोगी बनाने पर नगर निगम का विशेष जोर है। आवास विकास सेक्टर-13 के पार्क का सौंदर्यीकरण पूरा होने के बाद स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधा मिलेगी। निर्माण कार्य की गुणवत्ता और समयबद्धता का ध्यान रखते हुए कार्य कराया जा रहा है। निर्माण पूरा होने के बाद पार्क में हरियाली विकसित कराकर इसे आकर्षक और उपयोगी बनाया जाएगा।


