
आगरा। शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के उद्देश्य से नगर निगम एवं सहयोगी संस्था म्यूज फाउंडेशन की ओर से जीबीपी रिमूव डे पर गुरुवार को शहर के विभिन्न वार्डों में स्वच्छता एवं जनजागरूकता अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान म्यूज फाउंडेशन की टीम ने क्षेत्र में साफ-सफाई कराकर सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ बनाया। इसके साथ ही टीम द्वारा मौके पर आकर्षक रंगोली बनाई गई। रंगोली के माध्यम से आसपास के लोगों को शहर को स्वच्छ, सुंदर और कचरा मुक्त बनाए रखने का संदेश दिया गया। टीम ने रहवासियों से अपील की कि वे कूड़ा सार्वजनिक स्थानों पर न फेंकें और नगर निगम की सफाई व्यवस्था में सहयोग करें।
सहायक नगरआयुक्त अशोक प्रिय गौतम ने बताया कि नगर निगम की ओर से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में इस तरह के अभियान आयोजित कर स्वच्छता के साथ-साथ लोगों को जनभागीदारी के लिए प्रेरित किया जा रहा है। उनका का कहना है कि शहर को स्वच्छ रखने के लिए केवल नगर निगम की सफाई व्यवस्था ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि आम नागरिकों की सहभागिता भी जरूरी है। लोगों के सहयोग से ही आगरा को स्वच्छ, सुंदर और बेहतर शहर बनाया जा सकता है।


