—— स्वतंत्रता दिवस पर वाटर वर्क्स से झलकारी बाई चौराहे तक पोलों पर लगाई जा रही तिरंगा लाइट
—– नगर निगम की विशेष टीम सजावट कार्य में जुटी, तिरंगा लाइट से सराबोर नजर आएंगे निगम के आफिस
आगरा। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ताज नगरी को देशभक्ति की चमक से रोशन करने के लिए नगर निगम ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। वाटर वर्क्स चौराहे से लेकर झलकारी बाई चौराहे तक सड़क किनारे लगे पोलों पर तिरंगा लाइट लगाई जा रही है, जिससे इन मार्गों पर गुजरने वाले लोग उत्सव का एहसास कर सकें।
शहर के प्रमुख चौराहों व तिराहा पर आकर्षक सजावट की जा रही है। नगर निगम मुख्यालय के साथ ही चारों जोन कार्यालयों को तिरंगा झालरों और रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया जा रहा है, ताकि शहर का हर कोना स्वतंत्रता दिवस की गरिमा में डूबा नजर आए।
मुख्य अभियंता (विद्युत एवं यांत्रिक) अजय कुमार राम स्वयं सजावट और लाइटिंग कार्यों का निरीक्षण कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि शहर के जिन मार्गों पर पहले से तिरंगा लाइटें लगी हुई हैं, उनका भी परीक्षण किया जा रहा है। जहां भी कोई लाइट खराब पाई जाती है, उसे तुरंत ठीक कराया जा रहा है, ताकि 15 अगस्त की शाम को कहीं भी अंधेरा न रहे।
नगर निगम का उद्देश्य है कि स्वतंत्रता दिवस की शाम ताज नगरी तिरंगे के रंगों में इस तरह निखरे कि हर नागरिक गर्व और उत्साह से भर उठे। चौराहों से लेकर गलियों तक देशभक्ति की यह रौशनी पूरे माहौल को उत्सवमय बना देगी।


