आगामी त्योहारों के मद्देनजर आगरा मंडल के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर RPF डॉग स्क्वायड द्वारा सघन चेकिंग अभियान जारी
आगरा। आगामी त्योहारों के दौरान यात्रियों की सुरक्षा एवं रेलवे संपत्ति की संरक्षा को ध्यान में रखते हुए मंडल रेल प्रबंधक आगरा श्री गगन गोयल के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त के निर्देशानुसार आगरा मंडल द्वारा विशेष सुरक्षा अभियान संचालित किया जा रहा है।
दिनांक 25 अक्टूबर 2026 से 15 नवंबर 2026 तक चलने वाले इस विशेष अभियान के अंतर्गत आगरा मंडल के क्षेत्राधिकार में आने वाले आगरा छावनी, मथुरा जंक्शन, आगरा किला सहित अन्य प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के प्रशिक्षित डॉग स्क्वायड की सहायता से प्रतिदिन सघन चेकिंग की जा रही है।
अभियान के दौरान स्वान दस्ते की मदद से स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय, यात्रियों की आवाजाही वाले क्षेत्रों एवं अन्य संवेदनशील स्थानों की गहन जांच की जा रही है। विशेष रूप से ज्वलनशील पदार्थों, विस्फोटक सामग्री एवं अन्य संदिग्ध वस्तुओं की संभावित उपस्थिति का पता लगाने के लिए सतर्कता बरती जा रही है।
इसके अतिरिक्त स्टेशन परिसर में खड़े वाहनों तथा यात्रियों के आवागमन वाले क्षेत्रों की भी नियमित जांच की जा रही है, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
आगरा मंडल द्वारा त्योहारों के दौरान यात्रियों को सुरक्षित एवं सुगम रेल यात्रा उपलब्ध कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को निरंतर सुदृढ़ किया जा रहा है। रेलवे सुरक्षा बल द्वारा यात्रियों से भी अपील की जाती है कि वे किसी भी लावारिस वस्तु अथवा संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल रेलवे सुरक्षा बल या रेल प्रशासन को दें।


