
आगरा 30/05/2026 सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय ने अवगत कराया है कि आम जनमानस को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग, आगरा द्वारा मिलावटी खाद्य पदार्थों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया गया। आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश तथा जिलाधिकारी आगरा के निर्देशों के क्रम में जनपद में दिनांक 27 मई से 29 मई 2026 तक आईस्क्रीम, आइसकैंडी, शेक, जूस, फ्रोजन डेजर्ट, कुल्फी एवं अन्य समान उत्पादों की सघन जांच एवं छापेमारी की गई।
सहायक आयुक्त (खाद्य) ने बताया कि अभियान के दौरान विभाग की छह टीमों द्वारा जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक निरीक्षण एवं प्रवर्तन कार्रवाई की गई। इस दौरान 22 खाद्य नमूने संग्रहित कर परीक्षण हेतु प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
संग्रहित नमूनों में विभिन्न प्रतिष्ठानों से आईस्क्रीम, आइसकैंडी, बनाना शेक, मैंगो शेक, स्ट्रॉबेरी शेक, पाइनएप्पल जूस, गन्ने का जूस तथा नींबू शिकंजी सहित अन्य खाद्य पदार्थ शामिल हैं। सभी नमूनों की गुणवत्ता एवं मानकों के अनुरूपता की जांच राज्य खाद्य प्रयोगशाला में कराई जाएगी।
उन्होंने बताया कि प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के तहत दोषी पाए जाने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे केवल स्वच्छ एवं विश्वसनीय प्रतिष्ठानों से ही खाद्य पदार्थों का क्रय करें। जनस्वास्थ्य की सुरक्षा एवं खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विभाग का विशेष अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।


