
—– स्मार्ट सिटी सभागार में सहायक नगर आयुक्त ने बैठक कर दिए अधिकारियो को निर्देश
आगरा।स्वच्छ सर्वेक्षण को लेकर नगर निगम ने अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में आज स्मार्ट सिटी सभागार में सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें शहर को स्वच्छता के मानकों पर बेहतर प्रदर्शन दिलाने के लिए विस्तृत रणनीति तैयार की गई।
बैठक में स्पष्ट किया गया कि स्वच्छ सर्वेक्षण के तहत शहर के सभी सार्वजनिक स्थलों—जैसे सामुदायिक एवं सार्वजनिक शौचालय, पार्क, तालाब, बाजार, प्रमुख सड़कें और अन्य सार्वजनिक स्थानों का सघन निरीक्षण किया जाएगा। इन सभी स्थानों पर साफ-सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।
अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि स्वच्छ सर्वेक्षण के सभी इंडिकेटर्स के अनुसार कार्य सुनिश्चित किया जाए। इसमें सफाई व्यवस्था, कचरा प्रबंधन, डोर-टू-डोर कलेक्शन, सार्वजनिक शौचालयों की स्थिति, जलभराव वाले क्षेत्रों की सफाई और सौंदर्यीकरण जैसे बिंदुओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
बैठक में यह भी तय किया गया कि आगामी सप्ताह से शहर में बड़े स्तर पर “फीडबैक अभियान” चलाया जाएगा। इसके तहत नगर निगम की टीम घर-घर जाकर नागरिकों को स्वच्छ सर्वेक्षण के बारे में जानकारी देगी और उनसे सकारात्मक फीडबैक देने की अपील करेगी। नागरिकों की भागीदारी को इस अभियान का प्रमुख आधार बनाया जाएगा।
सहायक नगर आयुक्त ने सभी सफाई निरीक्षकों को निर्देशित करते हुए कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में जिम्मेदारी के साथ कार्य करें और स्वच्छता अभियान को प्रभावी ढंग से लागू कराएं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक वार्ड में नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी और लापरवाही बरतने पर सख्त कार्रवाई भी की जाएगी। नगर निगम प्रशासन का लक्ष्य इस बार स्वच्छ सर्वेक्षण में शहर की रैंकिंग को बेहतर करना है, जिसके लिए जमीनी स्तर पर व्यापक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। अधिकारियों ने भरोसा जताया कि जनसहभागिता और बेहतर प्रबंधन के माध्यम से शहर को स्वच्छता के क्षेत्र में नई पहचान दिलाई जाएगी।


