
खाद्य तेल प्रतिष्ठान पर छापामार कार्यवाही कर राइस ब्रान और सरसों तेल के जांच के लिए भेजे गए नमूने, जांच रहेगी जारी
आगरा. 27.04.2026/ जनपद में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने हेतु चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत आज दिनांक 27.04.2026 को संतोष कुमार शुक्ला, उपजिलाधिकारी, तहसील बाह, आगरा के नेतृत्व एवं उपस्थिति तथा खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, जनपद आगरा की जनपदीय टीम जिसमें खाद्य सुरक्षा अधिकारी, कोमल सिंह एवं गजेन्द्र सिंह की संयुक्त टीम द्वारा ग्राम पुरा भगवान, थाना खेड़ा राठौर, आगरा स्थित श्रीमती प्रिया पत्नी रविन्द्र सिंह के खाद्य तेल प्रतिष्ठान पर छापामार कार्यवाही की गई।
कार्यवाही के दौरान प्रतिष्ठान में लगभग 622 किग्रा. राइस ब्रान ऑयल एवं 372 किग्रा. सरसों का तेल भंडारित पाया गया | खाद्य तेलों में मिलावट की आशंका के दृष्टिगत राइस ब्रान ऑयल एवं सरसों के तेल के एक-एक नमूने विधिवत संग्रहित कर परीक्षण हेतु प्रयोगशाला प्रेषित किए गए ।
शेष खाद्य तेल, जिसमें 620 किग्रा. राइस ब्रान ऑयल (अनुमानित मूल्य ₹77,500/-) एवं 370 किग्रा. सरसों का तेल (अनुमानित मूल्य ₹55,500/-) कुल 990 किग्रा. खाद्य तेल जिसका कुल मूल्य ₹1,33,000/-, को विधिक प्रावधानों के अंतर्गत सीज कर खाद्य कारोबारकर्ता की सुरक्षित अभिरक्षा में सुपुर्द कर दिया गया।
जनपद में खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु ऐसे अभियान निरंतर जारी रहेंगे तथा मिलावटखोरों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही की जाएगी।प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने पर अग्रिम कार्यवाही की जाएगी । खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा लगातार कार्यवाही जारी रहेगी ।


