अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत फतेहपुर सीकरी रेलवे स्टेशन का हुआ कायाकल्प

Press Release उत्तर प्रदेश

4.20 करोड़ रुपये की लागत से स्टेशन को दिया गया आधुनिक स्वरूप, यात्रियों एवं पर्यटकों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं

फतेहपुर सीकरी स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए प्लेटफॉर्म संख्या 01 एवं 02 पर हो रहा है लिफ्ट का निर्माण

आगरा। अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत आगरा रेल मंडल के फतेहपुर सीकरी रेलवे स्टेशन पर लगभग 4.20 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास एवं यात्री सुविधा संबंधी कार्य किये गए हैं। स्टेशन के आधुनिकीकरण एवं यात्री सुविधाओं के विस्तार से संबंधित इन कार्यों के पूर्ण होने से यात्रियों के साथ-साथ विश्व प्रसिद्ध ऐतिहासिक एवं पर्यटन स्थल फतेहपुर सीकरी आने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
मंडल रेल प्रबंधक आगरा श्री गगन गोयल के मार्गदर्शन में स्टेशन पर आधारभूत संरचना एवं यात्री सुविधाओं से संबंधित कार्यों को पूरा किया गया है। इसके अंतर्गत 862 वर्ग मीटर क्षेत्र में सर्कुलेटिंग एरिया तथा 1196 वर्ग मीटर क्षेत्र में पार्किंग का विकास किया गया है। इसके अतिरिक्त 479 वर्ग मीटर क्षेत्र में नए स्टेशन भवन का निर्माण, 118 वर्ग मीटर पुराने प्रतीक्षालय का नवीनीकरण तथा 1177 वर्ग मीटर क्षेत्र में प्लेटफॉर्म शेल्टर का कार्य पूर्ण किया गया है।
यात्रियों की सुविधा के लिए 2318 वर्ग मीटर क्षेत्र में प्लेटफॉर्म सरफेसिंग का कार्य भी पूरा किया गया है। इसके साथ ही दिव्यांगजनों के लिए आवश्यक सुविधाएं विकसित की गई हैं। स्टेशन पर आकर्षक पोर्च एवं प्रवेश द्वार का निर्माण करने के साथ आधुनिक साइनेज, डिस्प्ले बोर्ड एवं डिजिटल घड़ियों की व्यवस्था भी की गई है|
फतेहपुर सीकरी स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए प्लेटफॉर्म संख्या 01 एवं 02 पर हो रहा है लिफ्ट का निर्माण
फतेहपुर सीकरी रेलवे स्टेशन पर यात्रियों, विशेषकर वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों एवं महिलाओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्लेटफॉर्म संख्या 01 एवं 02 पर लिफ्ट का निर्माण कराया जा रहा है। यह कार्य लगभग 37 लाख रुपये की लागत से3 किया जा रहा है । लिफ्ट निर्माण का कार्य जनवरी 2027 तक पूर्ण करने का लक्ष्य है। लिफ्ट की सुविधा उपलब्ध होने से यात्रियों को प्लेटफॉर्म पर आने-जाने में आसानी होगी तथा स्टेशन पर यात्री सुविधाओं में और अधिक सुधार होगा।
इन कार्यों के पूर्ण होने से फतेहपुर सीकरी रेलवे स्टेशन को आधुनिक एवं बेहतर यात्री सुविधाओं से सुसज्जित स्वरूप मिला है। अब यात्रियों को स्टेशन परिसर में सुगम आवागमन, व्यवस्थित पार्किंग, बेहतर प्रतीक्षालय, प्लेटफॉर्म पर सुविधाजनक व्यवस्था तथा आधुनिक सूचना प्रणाली का लाभ मिलेगा।
फतेहपुर सीकरी एक प्रमुख ऐतिहासिक एवं पर्यटन स्थल है। ऐसे में रेलवे स्टेशन का आधुनिकीकरण पर्यटन को भी प्रोत्साहित करने में सहायक होगा। आगरा रेल मंडल द्वारा यात्रियों को सुरक्षित, सुगम एवं आरामदायक रेल यात्रा अनुभव प्रदान करने के उद्देश्य से स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं एवं आधारभूत संरचना के विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *