—– स्ट्रीट वेंडर्स को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में बड़ा कदम
—-पीएम स्वनिधि के तहत क्रेडिट कार्ड लॉन्च
आगरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत के विजन को साकार करने की दिशा में शुक्रवार को तिरुवन्तपुरम, केरल से प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि (पी एम स्वनिधी) योजना के अंतर्गत स्थानीय लाभार्थियों के लिए विशेष क्रेडिट कार्ड लॉन्च किए गए। इस अवसर पर देशभर में एक लाख से अधिक रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं को ऋण का वितरण भी किया गया।
इसी क्रम में आगरा में नगर निगम एवं अन्य नगर निकायों के सहयोग से पीएम स्वनिधि योजना के अंतर्गत एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें उपस्थित लाभार्थियों को प्रधानमंत्री के लाइव कार्यक्रम का प्रसारण दिखाया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्ट्रीट वेंडर्स को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना तथा उन्हें डिजिटल अर्थव्यवस्था से जोड़ना रहा।
कार्यक्रम में अपर नगर आयुक्त एवं परियोजना अधिकारी, डूडा शिशिर कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि पीएम स्वनिधि योजना केवल रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं को कार्यशील पूंजी उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि डिजिटल लेन-देन को बढ़ावा देकर उनके क्रेडिट स्कोर को बेहतर बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने कहा कि इस योजना के माध्यम से हजारों विक्रेताओं के जीवन स्तर में सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिल रहा है।
उन्होंने बताया कि शासन के निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी द्वारा सभी बैंक शाखाओं को लंबित आवेदनों के शीघ्र स्वीकृति एवं ऋण वितरण के निर्देश दिए गए हैं। इसी के तहत आयोजित कैम्प में नए आवेदन पत्रों के साथ-साथ क्रेडिट कार्ड के लिए भी आवेदन भरवाए गए।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया, जिससे उनमें उत्साह और आत्मविश्वास का संचार हुआ। इस अवसर पर शहर मिशन प्रबंधक, सामुदायिक आयोजक, डूडा के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में वेंडर्स मौजूद रहे।
