बाईपुर से जगनेर रोड तक नालों की सफाई तेज,रात में ही उठाई गई सिल्ट

Press Release उत्तर प्रदेश

आगरा।आगामी मानसून को देखते हुए नगर निगम द्वारा नालों की सफाई और सिल्ट उठान अभियान को तेज कर दिया गया है। शहर में जलभराव की समस्या से निपटने के लिए निगम की टीमें दिन-रात कार्य कर रही हैं। इसी क्रम में सोमवार देर रात विशेष अभियान चलाकर विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी मात्रा में सिल्ट का उठान कराया गया।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार बाईपुर, नगला छऊआ, नामनेर, ईदगाह, नगला मोहन तथा जगनेर रोड क्षेत्र में रात के समय सफाई कर्मचारियों और मशीनों की मदद से नालों से निकाली गई सिल्ट को तत्काल ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के माध्यम से उठाया गया। रात में कार्य कराए जाने से यातायात प्रभावित नहीं हुआ तथा सफाई कार्य भी तेजी से संपन्न हुआ।
सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम ने बताया कि बरसात शुरू होने से पहले सभी प्रमुख एवं सहायक नालों की सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। नालों से निकाली जा रही सिल्ट को तत्काल हटाया जा रहा है ताकि वह दोबारा नालों में न पहुंचे और जल निकासी व्यवस्था सुचारु बनी रहे। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में सफाई कार्य शेष है, वहां भी निर्धारित समय सीमा के भीतर अभियान चलाकर कार्य पूर्ण कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि नगर निगम का उद्देश्य मानसून के दौरान शहरवासियों को जलभराव की समस्या से राहत दिलाना है। इसके लिए संवेदनशील क्षेत्रों को चिन्हित कर विशेष निगरानी रखी जा रही है तथा नियमित रूप से सफाई कार्यों का निरीक्षण भी किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *