आगरा 29.07.2026.मेरा युवा भारत (MY Bharat), युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में दिनांक 29 जुलाई, 2026 को दयालबाग एजुकेशनल इंस्टीट्यूट (DEI), आगरा में “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत” विषय पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं युवा स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए नशा मुक्त भारत के संकल्प को सशक्त बनाया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने अपने संबोधन में कहा कि “नशा केवल एक व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा जब देश का युवा नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर शिक्षा, खेल, कौशल और राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान देगा। प्रत्येक युवा को स्वयं नशा मुक्त रहने के साथ-साथ दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प लेना चाहिए।”
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला युवा अधिकारी डॉ. श्रवण कुमार सहगल ने की। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि “भारत का युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति है। यदि युवा अपनी ऊर्जा को सकारात्मक कार्यों में लगाकर समाज सेवा, नवाचार और राष्ट्र निर्माण में भागीदारी करेगा तो विकसित भारत का लक्ष्य शीघ्र ही प्राप्त होगा। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा संचालित विभिन्न योजनाएं युवाओं को नेतृत्व, स्वयंसेवा एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के लिए निरंतर प्रेरित कर रही हैं।”
इस अवसर पर दयालबाग एजुकेशनल इंस्टीट्यूट के कुलसचिव डॉ. संजीव स्वामी ने कहा कि “शिक्षा का उद्देश्य केवल ज्ञान अर्जित करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में अच्छे संस्कार, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना भी है। नशा मुक्त युवा ही स्वस्थ एवं सशक्त राष्ट्र के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।” समन्वयक, राष्ट्रीय सेवा योजना डॉ. सनिल कुमार ने कहा कि “मेरा युवा भारत युवाओं को राष्ट्र निर्माण, स्वयंसेवा, नेतृत्व विकास एवं सामाजिक उत्तरदायित्व से जोड़ने वाला एक सशक्त मंच है। ‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत’ का संकल्प तभी साकार होगा जब प्रत्येक युवा स्वयं नशे से दूर रहकर समाज को भी इसके प्रति जागरूक करेगा। मेरा युवा भारत युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ते हुए एक स्वस्थ, जागरूक एवं विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।”
कार्यक्रम के अंतर्गत सिंगिंग, ग्रुप डांस, सोलो डांस, स्लैम पोएट्री, नुक्कड़ नाटक, रील एवं शॉर्ट फिल्म, पेंटिंग तथा स्लोगन लेखन सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतिभागियों ने अपनी कला, प्रतिभा एवं रचनात्मक अभिव्यक्तियों के माध्यम से नशा मुक्ति का प्रभावशाली संदेश प्रस्तुत किया। प्रत्येक प्रस्तुति ने उपस्थित दर्शकों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिताओं के विजेताओं को प्रमाण-पत्र (Certificate), मेडल एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। पेंटिंग प्रतियोगिता में हैहांगले नेओमे, देवेंद्र प्रताप सिंह एवं आयुषी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्थान प्राप्त किया। स्लोगन प्रतियोगिता में कनक चौहान, आदर्श पोरवाल एवं पासवी सिंह विजेता रहे। नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता में यशस्वी और टीम प्रथम “नशा मुक्त वॉरियर्स” टीम ने द्वतिया स्थान प्राप्त किया, जिसमें अंकित, अर्शिया हाशमी, नरेंद्र महौर, आकाश, रोहित राठौर एवं मुस्कान ने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुति के माध्यम से उपस्थित सभी लोगों को नशा मुक्ति का सशक्त संदेश दिया। म्यूजिक प्रतियोगिता में आयुषी तथा रील प्रतियोगिता में अंशिका वार्ष्णेय ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्थान प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त ग्रुप डांस, एवं स्लैम पोएट्री प्रतियोगिताओं में भी प्रतिभागियों ने शानदार प्रस्तुतियां देकर दर्शकों की खूब सराहना प्राप्त की।
कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों एवं उपस्थित युवाओं ने नशा मुक्त भारत के निर्माण हेतु स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज को भी नशा मुक्ति के प्रति जागरूक करने की शपथ ली। अंत में सभी अतिथियों, निर्णायकों, प्रतिभागियों, स्वयंसेवकों, दयालबाग एजुकेशनल इंस्टीट्यूट के प्रशासन एवं आयोजन में सहयोग प्रदान करने वाले सभी व्यक्तियों का आभार व्यक्त किया गया।


