भीषण गर्मी में यात्रियों की सुविधा हेतु स्टेशनों पर पेयजल व्यवस्था सुदृढ़, जनरल कोच यात्रियों पर विशेष ध्यान

Press Release उत्तर प्रदेश

आगरा। मंडल रेल प्रबंधक  गगन गोयल के कुशल मार्गदर्शन में गर्मी को ध्यान में रखते हुए आगरा मंडल के प्रमुख एवं अधिक भीड़-भाड़ वाले रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों के लिए पेयजल व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़, सुव्यवस्थित एवं सुलभ बनाने हेतु विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।

इसी क्रम में यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि आगरा मंडल के प्रमुख स्टेशनों जैसे आगरा कैंट, मथुरा जंक्शन, अछनेरा, धौलपुर, मंडावर महवा रोड, खेडली, डीग, गोविन्दगढ़, राजा की मंडी एवं आगरा किला सहित अन्य स्टेशनों पर, जहां जनरल कोच रुकते हैं, वहां यात्रियों के लिए पानी के बूथ, प्याऊ एवं अन्य उपयुक्त पेयजल व्यवस्थाएं उपलब्ध रहें, ताकि अधिक संख्या में यात्रा करने वाले यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। मंडल के सभी स्टेशनों पर नलों  की पर्याप्त व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।

इसके अतिरिक्त, निर्धारित मानकों के अनुरूप स्टेशनों पर पर्याप्त संख्या में वॉटर कूलर भी स्थापित किए गए हैं।साथ ही विभिन्न NGO, व्यक्तिगत सेवा संगठनों एवं भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के सहयोग से स्टेशनों पर प्याऊ (पेयजल केंद्र) स्थापित कर यात्रियों को निरंतर ठंडा एवं स्वच्छ पानी उपलब्ध कराया जा रहा है। विशेष रूप से भारत स्काउट्स एंड गाइड्स द्वारा इस सेवा कार्य में सराहनीय योगदान दिया जा रहा है, जिससे यात्रियों को गर्मी के दौरान निरंतर राहत मिल रही है।

इस पुनीत कार्य में अनेक सामाजिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं द्वारा भी महत्वपूर्ण योगदान प्रदान किया जा रहा है, जिनमें भारत स्काउट एंड गाइड आगरा मंडल, एक पहल संस्था (राजा की मंडी एवं आगरा किला), राधे-राधे संस्था धौलपुर,श्री बजरंग ट्रेनिंग कॉलेज गोवर्धन, निशुल्क जल समिति खेडली एवं मंडावर, श्री हरिओम जनसेवा संस्था डीग, मानव सेवा संस्थान मथुरा जंक्शन, बाबा बलराम समाज कल्याण ट्रस्ट अछनेरा तथा यमुना शुद्धिकरण जन चेतना अभियान आगरा किला सहित विभिन्न संगठन एवं समाजसेवी शामिल हैं।

विशेष रूप से जनरल कोच के यात्रियों को ध्यान में रखते हुए उनके लिए अतिरिक्त सुविधाएं सुनिश्चित की जा रही हैं, जिससे उन्हें भीषण गर्मी के इस कठिन मौसम में अधिक सहूलियत प्राप्त हो सके। रेल प्रशासन द्वारा समाजसेवी संगठनों एवं आमजन से अपील की गई है कि वे इस सेवा कार्य में अधिकाधिक सहभागिता करें। आगरा मंडल द्वारा यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा एवं बेहतर सेवाएं प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैंl

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *