सिकन्दरा-बोदला रोड़, शास्त्रीपुरम और ग्वालियर रोड़ पर भी अवैध वेन्डर्स और अतिक्रमण के खिलाफ 30 अक्टूबर तक अभियान चलाया जाए-मंडलायुक्त

Press Release उत्तर प्रदेश

आगरा. 16 अक्टूबर 2024. शहर में सौन्दर्यीकरण कार्य, नागरिक सेवाओं के त्वरित निस्तारण एवं पर्यटक स्थलों पर आगरा नगर निगम द्वारा की जाने वाली व्यवस्थाओं की समीक्षा बैठक मण्डलायुक्त श्रीमती रितु माहेश्वरी  की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। मण्डलायुक्त द्वारा नगर निगम को जारी किए गये निर्देशों के अनुपालन में अवगत कराया गया कि ट्राईडेंट होटल तिराहा और आगरा चौपाटी के आसपास अवैध रूप से खड़े होने वाले वेन्डर्स और अतिक्रमण को ननि द्वारा अभियान चलाकर सभी वेन्डर्स/अतिक्रमण को हटा दिया गया है। फतेहाबाद रोड़ और एमजी रोड़ पर भी अस्थायी रूप से जमे वेन्डर्स/स्टाॅल और अवैध अतिक्रमण हटाया गया है। इसके अलावा नुनिहाई, देहली गेट, राजामण्डी मैन मार्केट और फाउण्ड्री नगर से टेढ़ी बगिया तक अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया गया। मण्डलायुक्त ने निर्देश दिए कि भविष्य में फिर दोबारा अतिक्रमण न हो इसके लिए संबंधित अधिकारी को लिखित में पत्र जारी करें तथा अतिक्रमण होने की दशा में संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्यवाही की जाए। सिकन्दरा-बोदला रोड़, शास्त्रीपुरम और ग्वालियर रोड़ पर भी अवैध वेन्डर्स और अतिक्रमण के खिलाफ 30 अक्टूबर तक अभियान चलाया जाए। स्थायी/अस्थायी रूप से हटाये गये अतिक्रमणों की सूची संबंधित क्षेत्रीय थानों को उपलब्ध करायी जाए ताकि भविष्य में अतिक्रमण करने वालों के विरूद्ध कड़ी कार्यवाही की जा सके।

सार्वजनिक शौचालयों की दीवारों पर लगाये गये पोस्टर/बैनरों को हटा दिया गया है। मंडलायुक्त द्वारा निर्देश दिए गये कि एक बार अभियान चलाकर शहर के सभी सार्वजनिक शौचालयों का सर्वे करा लिया जाए। जहां भी क्षतिग्रस्त दीवार, बिजली, टंकी/पानी, सफाई, साबुन इत्यादि से संबंधित कमियां हैं उन्हें दूर किया जाए। पर्यटकों की सुविधा को देखते हुए ताजमहल, आगरा किला आदि स्मारकों के आसपास या पार्किंग में जगह चिन्हित कर पिंक शौचालय का निर्माण कराया जाए। बस शेल्टर पर क्षतिग्रस्त बैनर/पोस्टर को लेकर अवगत कराया गया कि स्मार्ट सिटी द्वारा इन्हें बदलकर नये बैनर लगा दिए गये हैं। वहीं बस शेल्टर पर बसों के न रूकने पर महोदया द्वारा इसकी पुनः समीक्षा कर बसों को शेल्टर पर रूकने के लिए आवश्यक कार्यवाही हेतु निर्देशित किया।

विद्युत व्यवस्था को लेकर अवगत कराया गया कि तिरंगी लाईटों को ठीक करने अथवा बदलने का कार्य किया जा रहा है। महोदया द्वारा निर्देश दिए गये कि सभी स्ट्रीट लाइटों को भी ठीक किया जाए। शहर में डार्क स्पाॅट चिन्हित कर वहां भी एलईडी या तिरंगी लाइट लगायी जाएं। रमाड़ा फ्लाईओवर से लेकर खेरिया मोड़ चौराहा तक बढ़िया लाईटिंग की जाए। वाॅल पेन्टिंग को लेकर निर्देश दिए गये फतेहाबाद रोड़ पर अवशेष दीवारों, एमजी रोड और सिकन्दरा-बोदला रोड़ पर उच्च गुणवत्ता की वाॅल पेटिंग करायी जाए। शहर में ननि द्वारा रखे गये बड़े गमलों में पेंट एवं खराब हो चुके पौधे को हटाकर नये पौधे लगाये जाएं। वहीं डिवाईडर पर जो पौधे लगे हैं, समय-समय पर उनकी प्रूनिंग की जाए। सेंट्रल वर्ज या डिवाईडर की खुली जगह पर बढ़िया प्लाटेंशन कर सेल्फी प्वाइंट के रूप में स्थापित किया जाए।

इसके अलावा बारिश के मौसम के दौरान टूटी सड़कों को लेकर निर्देश दिए कि शहर में जितनी भी सड़कें/इंटरलाॅकिंग टूट या क्षतिग्रस्त हो गयी हैं, उनका सुदृढ़ीकरण किया जाए। सड़कें गढ्ढामुक्त बनाई जाएं। टूटे डिवाईडरों की भी मरम्मत की जाए। वहीं रमाड़ा फ्लाईओवर के पास स्मार्ट सिटी द्वारा बनाई गयी पुलिया की रोड़ एक वर्ष के अंदर ही टूट जाने तथा उसमें गढ्ढे हो जाने पर महोदया द्वारा नाराजगी व्यक्त की गयी। इसकी जांच कर संबंधित की जिम्मेदारी तय करने तथा अनुबंधित ठेकेदार से ही उसे ठीक कराने के निर्देश दिए। नगर निगम द्वारा वेस्ट मैटरियल से जो बढ़िया स्कल्पचर तैयार किए गये हैं उन्हें शहर में जगह-जगह स्थान चिन्हित करते हुए स्थापित करने, स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा तैयार किए गये उत्पादों की बिक्री हेतु एक आउटलेट खोले जाने के भी निर्देश दिए गये।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *