
—- कर्व स्टोन से बनेगा मजबूत फुटपाथ, वाहन लेकर अब आसानी से नहीं चढ़ पाएंगे चालक
आगरा। शहर की प्रमुख पर्यटन मार्ग फतेहाबाद रोड पर नमस्ते आगरा प्वाइंट से लेकर रमाडा होटल तक क्षतिग्रस्त फुटपाथों की मरम्मत का कार्य नगर निगम द्वारा शुरू करा दिया गया है। लंबे समय से फुटपाथ कई स्थानों पर धंसने और ऊंचा-नीचा होने के कारण राहगीरों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।
भारी वाहनों के दबाव और किनारों पर मिट्टी धंसने की वजह से फुटपाथ की स्थिति खराब हो गई थी। इससे पैदल चलने वालों के साथ-साथ पर्यटकों को भी परेशानी हो रही थी और दुर्घटना की आशंका बनी रहती थी। विगत दिनों नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल द्वारा क्षेत्र का निरीक्षण किया गया था। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण विभाग को क्षतिग्रस्त फुटपाथों को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त कराने के निर्देश दिए थे। नगर आयुक्त के निर्देशों के अनुपालन में निर्माण विभाग ने मरम्मत कार्य शुरू कर दिया है।
इस बार फुटपाथ को अधिक मजबूत और व्यवस्थित बनाने के लिए कर्व स्टोन लगाए जा रहे हैं। कर्व स्टोन लगाने से फुटपाथ की सीमाएं स्पष्ट रहेंगी और वाहन चालकों द्वारा फुटपाथ पर वाहन चढ़ाने की प्रवृत्ति पर भी रोक लगेगी। इससे फुटपाथ की आयु बढ़ेगी और पैदल चलने वालों को सुरक्षित एवं समतल मार्ग उपलब्ध हो सकेगा।
नगर निगम के अवर अभियंता कृष्ण गोपाल ने बताया कि क्षतिग्रस्त हिस्सों को ठीक कर नए सिरे से फुटपाथ का निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कार्य को तेजी से कराया जा रहा है और इसे शीघ्र ही पूरा कर लिया जाएगा।


