—— आउटसोर्स कर्मचारी से सुपरवाइजर का काम लेने पर नगर आयुक्त ने जताई नाराजगी
आगरा। वार्ड 21 बारहखंबा में सफाई व्यवस्था के निरीक्षण के दौरान कर्मचारियों के हाजिरी रजिस्टर में गड़बड़ी मिलने पर नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने स्थायी सुपरवाइजर राजे पुत्र राधेश्याम को निलंबित करने के निर्देश दिए। नगर आयुक्त ने अधिकारियों को चेतावनी दी कि कर्मचारियों की उपस्थिति और सफाई व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
नगर आयुक्त बुधवार को अधिकारियों के साथ वार्ड 21 बारहखंबा की सफाई व्यवस्था का जायजा लेने पहुंचे थे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सफाई कर्मचारियों की उपस्थिति से संबंधित हाजिरी रजिस्टर की जांच की। इसमें गड़बड़ी मिलने पर उन्होंने संबंधित स्थायी सुपरवाइजर के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने सभी नोडल अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी आउटसोर्स कर्मचारी से सुपरवाइजर का काम न लिया जाए। उन्होंने कहा कि सुपरवाइजर की जिम्मेदारी केवल स्थायी अथवा संविदा कर्मचारी को ही दी जाए। आउटसोर्स कर्मचारियों से नियमों के विपरीत जिम्मेदारी लेने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सफाई कर्मचारियों की नियमित हाजिरी की जांच की जाए और क्षेत्र में सफाई व्यवस्था की लगातार निगरानी की जाए। निरीक्षण के दौरान वार्ड की सफाई व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। नगर आयुक्त ने व्यवस्था को इसी तरह बनाए रखने के निर्देश दिए। इस दौरान नोडल अधिकारी एवं जलकर अभियंता पुष्पेन्द्र सिंह, जेडएसओ मनोज पाल और एसएफआई राघवेन्द्र सिंह मौजूद रहे।


