दैनिक आज के संपादक आरबी सिंह यादव का हृदयाघात से निधन, पत्रकारिता जगत में शोक

Press Release उत्तर प्रदेश

सुबह अचानक ली अंतिम सांस, पत्रकारों ने दी श्रद्धांजलि; कई वर्षों से दयालबाग सत्संग सभा से भी जुड़े थे

आगरा। शहर के वरिष्ठ पत्रकार और दैनिक आज के संपादक आरबी सिंह यादव का शुक्रवार सुबह हृदयाघात से अचानक निधन हो गया। उनके निधन की खबर से आगरा के पत्रकारिता जगत में शोक की लहर दौड़ गई। बताया गया है कि वह पूरी तरह स्वस्थ थे और किसी तरह का उपचार भी नहीं चल रहा था। सुबह अचानक हृदयाघात होने से उनका निधन हो गया।
आरबी सिंह यादव लंबे समय से पत्रकारिता क्षेत्र में सक्रिय थे। उन्होंने अपनी लेखनी और संपादकीय कार्यों के माध्यम से पत्रकारिता जगत में विशिष्ट पहचान बनाई। पत्रकारिता के साथ-साथ वह पिछले कई वर्षों से राधास्वामी सत्संग सभा, दयालबाग से भी जुड़े हुए थे। उनकी पत्नी सुरेखा यादव राजनीति में सक्रिय हैं।
उनके आकस्मिक निधन पर दैनिक जागरण के पूर्व संपादकीय प्रभारी विनोद भारद्वाज (गुरुजी), वरिष्ठ पत्रकार हेमंत लवानिया, गजेंद्र यादव, ऋषि दीक्षित, आदर्श नंदन गुप्ता, कार्टूनिस्ट राजीव जैन, लाखन सिंह बघेल और अशोक सिंह सहित अनेक पत्रकारों ने गहरा दुख व्यक्त किया।
पत्रकारों ने कहा कि आरबी सिंह यादव का अचानक चले जाना पत्रकारिता जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। उनके निधन से एक अनुभवी पत्रकार और साथी को खोने का दुख हमेशा रहेगा। सभी ने शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *