स्वच्छ सर्वेक्षण की दौड़ में अव्वल आने को निगम का एक्शन प्लान तैयार

Press Release उत्तर प्रदेश

— सफाई में कोई ढिलाई नहीं—नगर आयुक्त ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

आगरा। शहर को स्वच्छता रैंकिंग में शीर्ष स्थान दिलाने के लिए नगर निगम प्रशासन ने अपनी रणनीति को और तेज कर दिया है। शुक्रवार को स्मार्ट सिटी सभागार में नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल की अध्यक्षता में आयोजित अहम बैठक में स्वच्छता व्यवस्था को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई और अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए गए।
बैठक में अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार, सहायक आयुक्त, सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम सहित सभी एसएफआई मौजूद रहे। नगर आयुक्त ने साफ शब्दों में कहा कि स्वच्छता के मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और हर अधिकारी को अपनी जिम्मेदारी पूरी गंभीरता से निभानी होगी।
उन्होंने डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर देते हुए निर्देश दिए कि हर घर से नियमित रूप से कचरा उठान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही सार्वजनिक स्थलों, बाजारों, मुख्य सड़कों और पर्यटन स्थलों पर सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए।
कचरा प्रबंधन प्रणाली को बेहतर बनाने पर भी बैठक में विशेष चर्चा हुई। नगर आयुक्त ने कहा कि गीले और सूखे कचरे के पृथक्करण को प्राथमिकता दी जाए और इसके लिए लोगों को जागरूक करने के लिए अभियान चलाए जाएं।
जनभागीदारी को स्वच्छता अभियान की सबसे मजबूत कड़ी बताते हुए उन्होंने कहा कि जब तक आम नागरिक इसमें सक्रिय रूप से शामिल नहीं होंगे, तब तक अपेक्षित परिणाम नहीं मिल पाएंगे। इसके लिए नुक्कड़ नाटक, जनजागरूकता रैलियों और अन्य माध्यमों से लोगों को जोड़ा जाए।
नगर आयुक्त ने सभी अधिकारियों को तय समय सीमा में लक्ष्य पूर्ण करने के निर्देश देते हुए कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण में बेहतर प्रदर्शन के लिए टीमवर्क और जवाबदेही बेहद जरूरी है। उन्होंने चेताया कि जिन क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था कमजोर पाई जाएगी, वहां संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
बैठक के अंत में अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि वे पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते हुए शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *