
ताजगंज क्षेत्र में स्टील डस्टबिन निशाने पर, कई स्थानों से चोरी और क्षतिग्रस्त होने की घटनाएं, कार्रवाई की मांग
आगरा। शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए चल रहे प्रयासों पर असामाजिक तत्व पानी फेरते नजर आ रहे हैं। ताजगंज क्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों पर लगाए गए स्टील के कूड़ेदानों की लगातार चोरी और तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आने से स्वच्छता व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। इन घटनाओं से स्वच्छ सर्वेक्षण में बेहतर रैंकिंग पाने की नगर निगम की तैयारियां भी प्रभावित हो रही हैं।
एचसीएल फाउंडेशन द्वारा अपने कार्यान्वयन सहयोगी सेंटर फॉर एनवायरनमेंट एजुकेशन के माध्यम और नगर निगम के सहयोग से ताजगंज क्षेत्र में विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर स्टील के कूड़ेदान स्थापित किए गए थे। इस पहल का उद्देश्य आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना और सार्वजनिक स्थलों को कचरा मुक्त रखना था।
लेकिन पिछले कुछ दिनों में अज्ञात असामाजिक तत्वों द्वारा इन कूड़ेदानों को निशाना बनाते हुए चोरी और क्षतिग्रस्त करने की घटनाएं सामने आई हैं।
—-इन स्थानों पर हुई घटनाएं:
* असद गली कट: कूड़ेदान पूरी तरह चोरी
* कलाकृति के सामने: कूड़ेदान का पोल क्षतिग्रस्त
* धंधूपुरा शिल्पग्राम कट: कूड़ेदान में तोड़फोड़
* टीडीआई मॉल के सामने: डस्टबिन को नुकसान
* कलाकृति से टीडीआई मॉल मार्ग (कट): कूड़ेदान क्षतिग्रस्त
संस्था द्वारा कुछ क्षतिग्रस्त कूड़ेदानों की मरम्मत कर उन्हें दोबारा उपयोग के लिए तैयार किया गया है, लेकिन लगातार हो रही ऐसी घटनाएं स्वच्छता अभियान के लिए बड़ी बाधा बनती जा रही हैं। इस संबंध में सीईई के प्रतिनिधि मोहित शर्मा ने सहायक नगरआयुक्त अशोक प्रिय गौतम एवं पर्यावरण अभियंता पंकज भूषण को सारे मामले की लिखित जानकारी देते हुए थाना ताजगंज पुलिस से असमाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
कहां गया है कि यदि समय रहते रोकथाम नहीं की गई तो इससे न केवल सार्वजनिक संपत्ति का नुकसान होगा, बल्कि लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता भी प्रभावित होगी। असामाजिक तत्वों की यह हरकतें शहर की छवि को धूमिल करने के साथ-साथ प्रशासनिक प्रयासों को भी कमजोर कर रही है।


