strong>—- सीवर कनेक्शन टूटने से हुआ लीकेज, टोरेंट का बॉक्स भी गड्ढे में धंसा; सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम ने मौके पर पहुंचकर संभाली व्यवस्था
आगरा। धूलियागंज क्षेत्र में टोरेंट बॉक्स के पास बुधवार सुबह मिट्टी धंसने से सड़क पर अचानक बड़ा गड्ढा हो गया। गड्ढा इतना गहरा और बड़ा था कि टोरेंट का बिजली बॉक्स भी उसमें धंस गया। सुबह जानकारी मिलते ही नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची। सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का निरीक्षण कर तत्काल गड्ढे को भरने तथा सीवर लाइन को दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।
सहायक नगर आयुक्त के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया कि रात में हुई धीमी बारिश के दौरान टोरेंट बॉक्स के आसपास चूहों द्वारा मिट्टी काटे जाने के कारण जमीन के भीतर से मिट्टी खिसकने लगी। इसके बाद अधिक मात्रा में मिट्टी धंसने से आसपास से गुजर रहा एक घर का सीवर कनेक्शन टूट गया। सीवर कनेक्शन टूटने के बाद पानी का रिसाव शुरू हुआ, जिससे मिट्टी लगातार कमजोर होती गई और सड़क का एक हिस्सा धंसकर बड़े गड्ढे में तब्दील हो गया।
उन्होंने बताया कि सुबह घटना की जानकारी मिलने के बाद वह स्वयं मौके पर पहुंचे। नगर निगम की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सीवर लाइन को चेक कराया और उसे साफ कराकर लीकेज की समस्या को दूर कराया। इसके साथ ही टोरेंट अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर गड्ढे में धंसे टोरेंट बॉक्स को लेकर आवश्यक कार्रवाई कराई गई।
बताया कि गड्ढे के कारण किसी तरह की दुर्घटना न हो, इसे देखते हुए निगम की टीम ने तत्काल मौके पर काम शुरू कराया। सीवर लाइन की समस्या दूर होने के बाद धंसे हुए हिस्से में मिट्टी भरने का कार्य कराया गया। उन्होंने बताया कि करीब एक घंटे के भीतर गड्ढे को भरकर मौके को सुरक्षित करा दिया गया।
उन्होंने कहा कि जमीन धंसने की घटना के पीछे चूहों द्वारा मिट्टी काटे जाने के साथ-साथ सीवर कनेक्शन टूटने से हुआ पानी का रिसाव प्रमुख कारण रहा। निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और संबंधित विभाग से समन्वय कर समस्या का तत्काल समाधान कराया, ताकि क्षेत्र में आवागमन प्रभावित न हो और किसी तरह की दुर्घटना की आशंका न रहे।


