जिलाधिकारी मनीष बंसल की अध्यक्षता में कैंप कार्यालय पर सुगम यातायात व्यवस्था,ट्रैफिक प्रबंधन के संबंध में बैठक संपन्न
आगरा.22/09/2026/आज जिलाधिकारी मनीष बंसल की अध्यक्षता में एक समीक्षा बैठक में शहर में बढ़ते यातायात दबाव और सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कैंप कार्यालय पर सुगम यातायात व्यवस्था, ट्रैफिक प्रबंधन के संबंध में बैठक संपन्न हुई।बैठक में जिलाधिकारी ने ऑटो एवं ई-रिक्शा के लिए प्रस्तावित जोनिंग व्यवस्था, प्रमुख मार्गों पर इनके आवागमन को नियंत्रित करने तथा मेट्रो स्टेशनों तक यात्रियों की सुगम पहुंच के लिए फीडर रूट विकसित किए जाने के संबंध में संबंधित अधिकारियों से जानकारी तलब की। उन्होंने विभिन्न मार्गों पर यातायात व्यवस्था एवं ऑटो-ई-रिक्शा के आवागमन की स्थिति की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने सड़क सुरक्षा के दृष्टिगत ऑटो एवं ई-रिक्शा में यात्रियों के दाईं ओर से प्रवेश एवं निकास को नियंत्रित करने की व्यवस्था के संबंध में भी जानकारी ली तथा यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में ऑटो और ई-रिक्शा संचालन के लिए नई व्यवस्था पर भी विचार किया गया। शहर को अलग-अलग जोन में विभाजित कर ऑटो और ई-रिक्शा का रूट निर्धारित किए जाने तथा सड़क हादसों को रोकने के लिए ई-रिक्शा और ऑटो रिक्शा में दाईं ओर से यात्रियों के चढ़ने-उतरने पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध लगाए जाने के प्रस्ताव पर विचार किया गया।
बैठक में जिलाधिकारी महोदय ने संबंधित अधिकारियों को सभी प्रस्तावित व्यवस्थाओं का तकनीकी एवं व्यावहारिक परीक्षण कर समन्वय के साथ आवश्यक कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के साथ मेट्रो एवं अन्य सार्वजनिक परिवहन साधनों के बीच बेहतर कनेक्टिविटी सुनिश्चित की जा सके।
बैठक में अपर जिलाधिकारी(नगर) यमुनाधर चौहान, अपर नगरायुक्त शिशिर कुमार, एडीसीपी ट्रैफिक अलका सिंह,एआरएम रोडवेज बीपी अग्रवाल सहित अधिकारीगण मौजूद रहे।


