आगरा। सुख जीवन स्पोर्ट्स अकादमी के मैदान पर खेली जा रही जूनियर बॉयज फ्रेंडशिप क्रिकेट सीरीज के निर्णायक मुकाबले में सुख जीवन स्पोर्ट्स अकादमी ने BECC पटियाला को 22 रन से हराकर तीन मैचों की सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली।
सुख जीवन स्पोर्ट्स अकादमी के डायरेक्टर राजीव सोई ने बताया कि टॉस जीतकर BECC पटियाला के कप्तान ने पहले क्षेत्ररक्षण का निर्णय लिया। निर्धारित 35 ओवर के मुकाबले में सुख जीवन स्पोर्ट्स अकादमी ने 9 विकेट खोकर 113 रन बनाए। टीम की ओर से जयंत अग्रवाल ने 23, अरव जैन ने 13, सम्राट ने 19 तथा कृष्ण ने 18 रन बनाए। BECC पटियाला की ओर से यशराज ने तीन, जबकि विवान और प्रिंस ने दो-दो विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी BECC पटियाला की टीम 28.3 ओवर में 91 रन पर ऑलआउट हो गई। प्रिंस ने 31, चंदन ने 18 और यशराज ने 13 रन बनाए। सुख जीवन स्पोर्ट्स अकादमी की ओर से रुद्र ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार विकेट लिए, जबकि अभी यादव ने दो तथा ओमकार और कृष्णा ने एक-एक विकेट हासिल किया।
फाइनल मुकाबले में प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार रुद्र को दिया गया। प्रतियोगिता के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज का पुरस्कार अर्णव, सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज का पुरस्कार यशराज तथा सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार अभी यादव को प्रदान किया गया।
पुरस्कार वितरण समारोह में वार्ड नंबर 32 के क्षेत्रीय पार्षद माननीय अरविंदर गौतम एवं बलदेव भटनागर ने विजेता और उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए। विशिष्ट अतिथि विक्रम शुक्ला एवं श्री लक्ष्मण स्वरूप यादव ने मैन ऑफ द मैच सहित अन्य व्यक्तिगत पुरस्कारों से खिलाड़ियों को सम्मानित किया। पटियाला टीम के कोच श्री एच.एस. अरोड़ा को सुख जीवन स्पोर्ट्स अकादमी के सचिव श्री बंटी यादव ने सम्मानित किया।
पूरे टूर्नामेंट के सफल आयोजन में सहयोग के लिए मनोज कुशवाहा एवं अकादमी के कोच समीर खान का अकादमी अध्यक्ष राजीव सोई ने विशेष रूप से आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर मुकेश यादव, चरणजीत यादव, विपिन यादव, भूपेंद्र एवं मानवेंद्र यादव सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
राजीव सोई ने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से युवा खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन होता है और उन्हें प्रतिस्पर्धात्मक क्रिकेट का अनुभव मिलता है। सुख जीवन स्पोर्ट्स अकादमी भविष्य में भी ऐसे आयोजनों के माध्यम से खिलाड़ियों को बेहतर अवसर प्रदान करती रहेगी। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रवासियों ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।


