मंडलायुक्त श्रीमती रितु माहेश्वरी की अध्यक्षता में मानसिक स्वास्थ्य संस्थान एवं चिकित्सालय आगरा की प्रबंध समिति की बैठक संपन्न
मानसिक स्वास्थ्य संस्थान के आय-व्यय संबंधी रिपोर्ट की तलब, वित्तीय वर्ष 2024- 25 के पुनरीक्षित बजट प्रस्तावों को बैठक में दी मंजूरी,विगत बैठक के प्रभावी अनुपालन के दिए निर्देश
आगरा. 15 मार्च। आज शुक्रवार को मंडल आयुक्त श्रीमती रितु माहेश्वरी की अध्यक्षता में मानसिक स्वास्थ्य संस्थान एवं चिकित्सालय प्रबंध समिति की महत्वपूर्ण बैठक मंडलायुक्त लघु सभागार में संपन्न हुई। बैठक में सर्वप्रथम सदस्य सचिव, प्रबंध समिति तथा निदेशक मानसिक स्वास्थ्य संस्थान एवं चिकित्सालय आगरा, डॉक्टर दिनेश कुमार राठौर द्वारा विगत बैठक के कार्यवृत्त तथा अनुपालन आख्या को मंडलायुक्त के समक्ष रखा, प्रस्तुत अनुपालन आख्या में दिए निर्देशों का उचित अनुपालन न होने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की तथा आगामी बैठक पुनः अनुपालन आख्या रखे जाने के निर्देश दिए।
बैठक में वित्तीय वर्ष 2023-24 के आय-व्यय का अनुमोदन तथा मानसिक स्वास्थ्य संस्थान एवं चिकित्सालय के 2024-25 के वार्षिक बजट को प्रबंध समिति के समक्ष प्रस्तुत किया गया। वित्तीय वर्ष 2023-24 के बजट की पुनरीक्षित धनराशि 3254.99 लाख रुपए के साथ वित्तीय वर्ष 2024-25 हेतु आय- व्ययक अनुमान 2832.99 लाख रुपए प्रबंध समिति के समक्ष प्रस्तावित किया गया। मंडलायुक्त महोदया ने वर्ष 2024-25 से वित्तीय वर्ष 2024- 25 में कम बजट राशि प्रस्तावित किए जाने पर जवाब तलब किया, जिसमें बताया गया कि संस्थान स्वायत्तशासी होने तथा आय के समुचित स्रोत न होने, आय के सापेक्ष व्यय भार अधिक होने आदि से 2024- 25 हेतु बजट राशि/आय व्ययक कम है। मंडलायुक्त महोदया ने प्रस्तावित बजट को पुनरीक्षित करने तथा संस्थान के आय के संसाधनों को बढ़ाने तथा व्यय भार को कम करने हेतु कार्य योजना बनाए जाने के निर्देश दिए।
बैठक में संस्थान की प्रबंध समिति में 02 गैर सरकारी सदस्यों को नामित किए जाने हेतु प्रस्ताव पर विचार किया गया, मंडलायुक्त महोदया द्वारा गैर सरकारी सदस्यों के नाम निर्देशन हेतु तद संबंधी संपूर्ण प्रक्रिया,शासनादेश, नियम आदि तलब किए,जिसमें बताया गया कि सरकार के स्तर से नाम निर्देशन होना है, मंडलायुक्त महोदया ने संस्थान की प्रबंध समिति में 02 गैर सरकारी सदस्यों को नामित किए जाने हेतु शासन को पत्र प्रेषित किए जाने हेतु निर्देशित किया।
बैठक में संस्थान में कार्यरत सोशल वर्कर्स के मा.हाईकोर्ट इलाहाबाद में विभिन्न योजित रिट याचिका से संबंधित वेतनमान निर्धारण किए जाने के प्रस्ताव को रखा गया, मंडलायुक्त महोदया द्वारा अपूर्ण प्रस्ताव होने तथा आगामी बैठक में उचित प्रस्ताव रखे जाने के निर्देश दिए। संस्थान के मुख्य द्वार के पास स्थित आकस्मिक विभाग/एसओएफ भवन में वन स्टॉप सेंटर/आशा ज्योति केंद्र के अस्थाई संचालन हेतु अतिरिक्त कक्ष उपलब्ध कराए जाने हेतु प्रस्ताव को संस्थान की आवश्यकताओं व उपलब्धता पर विचार करते हुए कक्ष उपलब्ध कराने हेतु प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की गई।
बैठक में बताया गया कि संस्थान में एमडी मनोचिकित्सा पाठ्यक्रम में स्व वित्त पोषित,08 सीट एमडी साइकेट्रिक की हैं, बैठक में उक्त सीटों की फीस वृद्धि का प्रस्ताव रखा गया, मंडलायुक्त महोदया द्वारा भारी भरकम फीस वृद्धि के प्रस्ताव पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए प्रस्ताव वापस लेने के निर्देश दिए तथा संस्थान के निदेशक व चार्टेड अकाउंट को समानांतर चल रहे अन्य संस्थानों में चल रहे उक्त पाठ्यक्रम में फीस वृद्धि का क्रमिक अध्ययन कर,तार्किक तथा फीस वृद्धि हेतु औचित्य सिद्ध करते हुए उचित प्रस्ताव आगामी बैठक में रखने हेतु निर्देशित किया।
मंडलायुक्त महोदया ने संस्थान को सेल्फ सेस्टनेबल बनाए जाने हेतु विभिन्न कोर्स संचालन,आय के नवीन स्रोतों की संभावना,संस्थान के व्यय भार में कमी,आय के संसाधन बढ़ाए जाने हेतु प्रभावी कार्य योजना आगामी बैठक में रखे जाने हेतु कड़े निर्देश दिए।बैठक में संस्थान के निदेशक डॉ दिनेश राठौर , अपर जिलाधिकारी (वित्त व राजस्व) श्रीमती वित्त अधिकारी श्रीमती शुभांगी शुक्ला,कंचन यादव , डॉ अनिल सिसौदिया सहित प्रबंध समिति के सदस्यगण मौजूद रहे।


