सीएम ग्रिड : टेढ़ी बगिया-कालिंदी विहार मार्ग का कमिश्नर ने किया निरीक्षण, धीमी प्रगति पर ठेकेदार को चेतावनी

Press Release उत्तर प्रदेश

आगरा। शहर में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के उद्देश्य से सीएम ग्रिड योजना के अंतर्गत टेढ़ी बगिया से कालिंदी विहार तक बनाए जा रहे सड़क निर्माण कार्य का शुक्रवार को मंडलायुक्त नागेंद्र प्रताप सिंह और नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने संयुक्त रूप से निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों की विस्तार से समीक्षा की गई।
निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने सड़क निर्माण कार्य की गति अपेक्षा के अनुरूप न पाए जाने पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने निर्माण एजेंसी एवं ठेकेदार को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि निर्धारित माइल स्टोन के अनुसार कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि परियोजना में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।
मंडलायुक्त ने निर्माण स्थल पर मौजूद अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्य के दौरान सभी सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए। निर्माण क्षेत्र में बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेतक, रिफ्लेक्टर और अन्य आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाएं प्रभावी ढंग से लागू रहें ताकि राहगीरों और वाहन चालकों को किसी प्रकार की असुविधा या दुर्घटना का सामना न करना पड़े।
उन्होंने सड़क निर्माण में उपयोग की जा रही सामग्री की गुणवत्ता पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। मंडलायुक्त ने कहा कि सड़क की मजबूती और दीर्घकालिक उपयोगिता सुनिश्चित करने के लिए निर्माण कार्य निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप किया जाए। गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने भी संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परियोजना की प्रगति पर लगातार नजर रखी जाए और जहां भी कोई बाधा सामने आए उसका तत्काल समाधान किया जाए, ताकि कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा हो सके।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी मुख्य अभियंता अरविंद श्रीवास्तव सहित नगर निगम और निर्माण एजेंसी के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने मंडलायुक्त को परियोजना की वर्तमान स्थिति और आगामी कार्ययोजना की जानकारी दी। मंडलायुक्त ने निर्देश दिए कि सड़क निर्माण कार्य में तेजी लाकर शहरवासियों को जल्द से जल्द बेहतर और सुगम यातायात सुविधा उपलब्ध कराई जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *