महापुरुषों की प्रतिमाओं के आसपास चला स्वच्छता अभियान, धुलाई के साथ पेड़-पौधों की हुई ग्रूमिंग

Press Release उत्तर प्रदेश

—– स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत निगम का विशेष सफाई अभियान

आगरा। स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत नगर निगम प्रशासन ने बुधवार को शहरभर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया। अभियान के दौरान विभिन्न स्थानों पर स्थापित महापुरुषों की प्रतिमाओं के आसपास विशेष सफाई कराई गई। प्रतिमाओं और उनके आसपास के चबूतरों की धुलाई कराई गई, वहीं परिसर में उगी घास-फूस और अनावश्यक वनस्पतियों को हटाकर पेड़-पौधों की ग्रूमिंग भी की गई। अभियान का उद्देश्य महापुरुषों की प्रतिमाओं के आसपास स्वच्छ, सुंदर और सम्मानजनक वातावरण बनाए रखने के साथ नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना रहा।
सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम ने बताया कि स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को नगर निगम की टीमों ने विभिन्न स्थानों पर स्थित महापुरुषों की प्रतिमाओं के आसपास सफाई अभियान चलाया। सफाई कर्मियों ने प्रतिमाओं के आसपास जमा धूल-मिट्टी, कूड़ा और गंदगी को हटाया। इसके बाद पानी से प्रतिमाओं और आसपास के क्षेत्र की धुलाई कराई गई, जिससे पूरे परिसर का स्वरूप साफ-सुथरा नजर आया।
उन्होंने बताया कि केवल सफाई तक अभियान को सीमित नहीं रखा गया, बल्कि प्रतिमाओं के आसपास लगे पेड़-पौधों की भी देखभाल की गई। झाड़ियों की कटाई-छंटाई कर पौधों की ग्रूमिंग कराई गई और परिसर को व्यवस्थित किया गया। निगम की टीमों ने यह सुनिश्चित किया कि प्रतिमाओं के आसपास किसी भी प्रकार की गंदगी या अव्यवस्था न रहे। कहा कि महापुरुषों की प्रतिमाएं शहर की पहचान और नागरिकों के लिए प्रेरणा का केंद्र हैं। ऐसे स्थानों की नियमित सफाई और देखभाल नगर निगम की प्राथमिकताओं में शामिल है। स्वच्छता ही सेवा अभियान के माध्यम से सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता के साथ नागरिकों में यह संदेश भी दिया जा रहा है कि स्वच्छता केवल सरकारी विभागों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।
अभियान के दौरान नगर निगम की टीमों को निर्देशित किया गया कि प्रतिमाओं के आसपास नियमित रूप से सफाई रखी जाए और पेड़-पौधों की भी समय-समय पर छंटाई एवं ग्रूमिंग कराई जाए। इससे सार्वजनिक स्थलों की सुंदरता बढ़ने के साथ स्वच्छ और सकारात्मक वातावरण तैयार होगा।

नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने कहा कि स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत शहर के सार्वजनिक और महत्वपूर्ण स्थलों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के लिए लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। महापुरुषों की प्रतिमाओं के आसपास स्वच्छता बनाए रखना सम्मान से भी जुड़ा विषय है। नगर निगम का प्रयास है कि ऐसे सभी स्थान साफ-सुथरे, व्यवस्थित और आकर्षक नजर आएं। उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि वे प्रतिमाओं और सार्वजनिक स्थलों के आसपास कूड़ा न डालें और स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने में नगर निगम का सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *