नुक्कड़ नाटक से जल संरक्षण का संदेश, बच्चों ने बनाई ह्यूमन चेन

Press Release उत्तर प्रदेश

आगरा। स्वच्छता और जनजागरूकता अभियानों के तहत नगर निगम द्वारा वार्ड संख्या 71 देहतोरा में एक प्रभावी जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन लोहामंडी जोन के अंतर्गत किया गया, जिसमें जेडएसओ मनोज पाल, एसएफआई प्रदीप गौतम, असिस्टेंट जोन इंचार्ज बविता सहित पूरी फील्ड टीम सक्रिय रूप से उपस्थित रही।
इस दौरान देहतोरा स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय में म्यूस फाउंडेशन की टीम ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से बच्चों और स्थानीय लोगों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक किया। कलाकारों ने सरल और रोचक तरीके से यह संदेश दिया कि “जल ही जीवन का आधार है” और इसके संरक्षण के बिना भविष्य की कल्पना संभव नहीं है। नाटक के माध्यम से बच्चों को दैनिक जीवन में जल संरक्षण को अपनाए जाने वाले छोटे-छोटे उपायों के बारे में बताया गया, जैसे घर में टपकते नलों को तुरंत ठीक कराना, ब्रश करते समय नल को बंद रखना और नहाने के लिए शॉवर के बजाय बाल्टी का उपयोग करना। साथ ही यह भी समझाया गया कि पानी की एक-एक बूंद कीमती है और इसका दुरुपयोग भविष्य के लिए गंभीर संकट पैदा कर सकता है। कार्यक्रम के अंत में बच्चों और टीम के सदस्यों ने ह्यूमन चेन बनाकर जल संरक्षण का संदेश दिया और सभी को पानी बचाने का संकल्प दिलाया। इस दौरान उपस्थित विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला और उन्होंने भी अपने दैनिक जीवन में जल संरक्षण के उपाय अपनाने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *