खाती पाड़ा लोहा मंडी में अतिक्रमण पर चलेगा बुलडोजर, सड़क निर्माण में बन रहे अवरोध हटाने की तैयारी

Press Release उत्तर प्रदेश

—— चेतावनी के बाद भी नहीं हटे कब्जे, नगर निगम ने दी अंतिम मोहलत

आगरा। लोहा मंडी क्षेत्र के खाती पाड़ा में लंबे समय से प्रस्तावित सड़क निर्माण कार्य अतिक्रमण के कारण अटका हुआ है। क्षेत्र में कई लोगों द्वारा अपने मकानों के बाहर अवैध रूप से किए गए निर्माण और अतिक्रमण के चलते सड़क का निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पा रहा है। नगर निगम द्वारा कई बार चेतावनी दिए जाने के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर अब निगम प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बुलडोजर कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है।
गुरुवार को नगर निगम के अवर अभियंता हरी ओम, क्षेत्रीय पार्षद हेमंत प्रजापति तथा प्रवर्तन दल के अधिकारियों ने खाती पाड़ा क्षेत्र का संयुक्त निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सड़क निर्माण में बाधा बन रहे पिलर,रैंप आदि जैसे अतिक्रमणों को चिह्नित किया गया तथा संबंधित लोगों को अंतिम चेतावनी जारी की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि यदि निर्धारित समय के भीतर लोगों ने स्वयं अतिक्रमण नहीं हटाया तो नगर निगम द्वारा अभियान चलाकर बुलडोजर की मदद से अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दिया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पाया कि कई स्थानों पर मकान, चबूतरे, सीढ़ियां, रैंप और अन्य निर्माण सड़क की निर्धारित चौड़ाई में आ रहे हैं। इसके कारण न केवल सड़क निर्माण कार्य प्रभावित हो रहा है, बल्कि क्षेत्र में आवागमन की समस्या भी बनी हुई है।
क्षेत्रीय पार्षद हेमंत प्रजापति ने कहा कि खाती पाड़ा में सड़क निर्माण क्षेत्र के विकास और नागरिक सुविधाओं के लिए अत्यंत आवश्यक है। कुछ लोगों के अतिक्रमण के कारण पूरे क्षेत्र के विकास कार्य बाधित नहीं होने दिए जाएंगे। उन्होंने लोगों से स्वयं अतिक्रमण हटाकर नगर निगम का सहयोग करने की अपील की।
नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि सड़क निर्माण कार्य शुरू होने के बाद क्षेत्र के निवासियों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी तथा बरसात के दौरान जलभराव जैसी समस्याओं से भी राहत मिलेगी। निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनहित से जुड़े विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की बाधा को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

—– नगर आयुक्त का वर्जन

नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने कहा, “खाती पाड़ा क्षेत्र में सड़क निर्माण कार्य जनहित से जुड़ा महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट है। कई बार सूचना और चेतावनी देने के बावजूद कुछ लोगों द्वारा अतिक्रमण नहीं हटाया गया है। संबंधित लोगों को अंतिम अवसर दिया गया है। यदि इसके बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो नगर निगम नियमानुसार अभियान चलाकर अवैध कब्जों को हटाएगा। विकास कार्यों में किसी प्रकार की बाधा स्वीकार नहीं की जाएगी और सड़क निर्माण हर हाल में कराया जाएगा।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *