भीमनगरी समारोह से पहले नगर निगम एक्शन मोड में, 5 करोड़ से होंगे विकास कार्य

Press Release उत्तर प्रदेश

—- सड़क, नाली से लेकर सौंदर्यीकरण तक 38 कामों को मंजूरी, समय पर पूरा करने के सख्त निर्देश

आगरा। शहर में आयोजित होने वाले तीन दिवसीय भीमनगरी समारोह को लेकर नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। समारोह स्थल जीजीआईसी मैदान और आसपास के क्षेत्रों को बेहतर बनाने के लिए निगम प्रशासन ने युद्धस्तर पर विकास कार्य शुरू करा दिए हैं। इस योजना के तहत पांच करोड़ रुपये की लागत से सड़क, नाली, इंटरलॉकिंग, अंबेडकर वाटिकाओं के सौंदर्यीकरण और मरम्मत सहित कुल 38 कार्य कराए जाएंगे।
नगर निगम द्वारा कराए जा रहे इन 38 कार्यों में से 20 कार्यों के टेंडर 28 मार्च को खोले जा चुके हैं। इन कार्यों पर तेजी से काम शुरू करा दिया गया है, ताकि समारोह से पहले सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त हो सकें। शेष कार्यों के लिए भी जल्द ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।
प्रभारी मुख्य अभियंता (निर्माण) अरविंद श्रीवास्तव ने बताया कि भीमनगरी क्षेत्र में विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर कराया जा रहा है। सभी संबंधित ठेकेदारों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि कार्यों की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो और निर्धारित समय सीमा के भीतर काम पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि निगम की टीमें लगातार निरीक्षण कर रही हैं ताकि कार्यों की प्रगति पर नजर रखी जा सके। नगर निगम का प्रयास है कि भीमनगरी समारोह के दौरान शहरवासियों और बाहर से आने वाले लोगों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं मिलें और क्षेत्र का स्वरूप आकर्षक दिखाई दे।

—– नगर आयुक्त का वर्जन:

नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने कहा कि भीमनगरी समारोह शहर के लिए एक महत्वपूर्ण आयोजन है, इसे ध्यान में रखते हुए सभी विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष जोर दिया जा रहा है। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। हमारा लक्ष्य है कि समारोह से पहले सभी कार्य पूर्ण कर क्षेत्र को स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित बनाया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *